Punjab News: पंजाब में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर अगले 48 घंटे तक जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने ताजा चेतावनी जारी करते हुए 6 जून तक राज्य के कई जिलों में तेज गर्मी के साथ-साथ धूलभरी आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दौरान कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से फिलहाल राज्य का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
गुरुवार को राज्य में सबसे गर्म इलाका बठिंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पटियाला में 40.6 डिग्री, लुधियाना में 40.4 डिग्री, चंडीगढ़ में 38.9 डिग्री और अमृतसर में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहा।
जानें अगले कुछ दिनों का पूरा हाल
मौसम विभाग के अनुसार 5 जून को फरीदकोट, फिरोजपुर, मुक्तसर और फाजिल्का जैसे पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर पूरे राज्य में बारिश और तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान आसमान में घने बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम वर्षा होने की पूरी संभावना बनी हुई है।
इसके बाद 6 जून को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मोगा, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला और मानसा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की उम्मीद है। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा और आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा पैर पसारेगी।
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 7 और 8 जून के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। इन दो दिनों में पंजाब के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ या सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ पहाड़ी और मैदानी इलाकों में आंशिक रूप से हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं।
Author: Shilla Bhatia


