Uttar Pradesh News: दिल्ली से सटे ग़ाज़ियाबाद में रविवार की सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच ज़बरदस्त मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में 11वीं क्लास के छात्र सूर्या चौहान की हत्या का मुख्य अभियुक्त असद पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई।
बाइक चलाने के विवाद में हुई थी छात्र की हत्या
पुलिस के अनुसार खोड़ा इलाक़े में बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या चौहान के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद 28 मई को असद ने सूर्या को सरेराह बेरहमी से चाकू मार दिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित छात्र सूर्या की मौत हो गई थी, जिससे इलाक़े में काफ़ी तनाव फैल गया।
मुख्य आरोपी असद पर था पचास हज़ार का इनाम
छात्र के परिवार की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामज़द अभियुक्तों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया था। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को 30 मई को ही गिरफ़्तार कर चुकी थी। मुख्य अभियुक्त असद लगातार फ़रार चल रहा था। उसकी गिरफ़्तारी पर पुलिस प्रशासन ने 50 हज़ार रुपये का इनाम रखा था।
पुलिस को देखकर असद ने शुरू कर दी फ़ायरिंग
एसीपी इंदिरापुरम के नेतृत्व में खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही थीं। इसी दौरान बाइक से भागने की कोशिश कर रहे असद को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। असद ने ख़ुद को घिरा देख पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, जिसमें एक कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की जिसमें असद गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उसकी मौत के बाद मृत छात्र सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए सभी आरोपियों के घरों पर बुलडोज़र चलाने की मांग की है।
एनकाउंटर के बाद यूपी में गरमाई सियासत
इस सनसनीखेज घटना के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में भी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चुनाव के समय ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सरकार से सतर्कता बरतने की मांग की थी।
वहीं राज्य के उप मुख्यमंत्री ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया है। यूपी सरकार के मंत्रियों ने इस संवेदनशील मुद्दे पर विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की चुप्पी पर तीखे सवाल उठाए और पलटवार किया।
Author: Ajay Mishra

