Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों का दायरा रिकॉर्ड तेजी से बढ़ रहा है। ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में होटलों, गेस्ट हाउस और होम-स्टे की संख्या में भारी उछाल आया है। इससे सैलानियों को अब ठहरने के लिए बेहतरीन सुविधाएं और स्थानीय लोगों को नए रोजगार मिल रहे हैं।
हिमाचल में होम-स्टे बने सैलानियों की पहली पसंद
दिसंबर 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कुल 5,163 होटल और गेस्ट हाउस चल रहे हैं। इसके साथ ही 2,234 रेस्टोरेंट पर्यटकों को सेवाएं दे रहे हैं। इन सभी को मिलाकर प्रदेश में पर्यटकों के लिए कुल 70,105 कमरे और करीब 1,46,361 बेड की बड़ी क्षमता उपलब्ध है।
पर्यटन विभाग के निदेशक विवेक भाटिया ने बताया कि नई होम-स्टे नीति से ग्रामीण पर्यटन का तेजी से विकेंद्रीकरण हुआ है। इस समय प्रदेश में 5,855 होम-स्टे यूनिट्स पंजीकृत हो चुके हैं। इन होम-स्टे के माध्यम से गांवों में 23,874 कमरे और 38,043 बेड की सुविधा मिल रही है।
पर्यटन बुनियादी ढांचे में कुल्लू जिला सबसे आगे निकला
पर्यटन ढांचे के मामले में कुल्लू जिला पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। कुल्लू में रिकॉर्ड 1,628 होटल और गेस्ट हाउस संचालित हो रहे हैं। यहां पर्यटकों के लिए कुल 23,673 कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें लगभग 49,821 बिस्तरों की मजबूत क्षमता मौजूद है।
इस सूची में 974 होटलों और 12,227 कमरों के साथ कांगड़ा जिला दूसरे स्थान पर है। राजधानी शिमला में भी 651 होटल चल रहे हैं, जहां 11,018 कमरों में 22,986 बेड उपलब्ध हैं। इसके अलावा राज्य में 5,544 ट्रैवल एजेंसियां और 1,130 टूरिस्ट गाइड भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
Author: Sunita Gupta


