चांदी के आयात पर सरकार ने लिया चौंकाने वाला फैसला, सोने को छोड़ आखिर क्यों कस दिया शिकंजा?

Delhi News: केंद्र सरकार ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोना न खरीदने की अपील के बाद एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 12 मई को सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया था। इसके ठीक चार दिन बाद सरकार ने चांदी की आयात नीति में भी बड़ा संशोधन कर दिया है।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन आने वाले डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस नए संशोधन के बाद चांदी के आयात को अब ‘रिस्ट्रिक्टेड’ यानी प्रतिबंधित श्रेणी में डाल दिया गया है। इस फैसले से सर्राफा कारोबारियों के बीच हलचल तेज हो गई है।

अब बिना लाइसेंस नहीं आ पाएगी चांदी

इस बदलाव के बाद अब देश में चांदी आयात करने के लिए केवल सीमा शुल्क देना काफी नहीं होगा। कारोबारियों को अब चांदी मंगाने के लिए डीजीएफटी के पास लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा। सरकार से लाइसेंस मिलने के बाद ही देश में चांदी के आयात की अनुमति दी जाएगी।

चौंकाने वाली बात यह है कि सरकार ने सोने के आयात को लेकर ऐसी कोई सख्त शर्त नहीं रखी है। सोना चांदी के मुकाबले काफी महंगा है, फिर भी उसे इस श्रेणी से बाहर रखा गया है। डीजीएफटी ने 16 मई को चांदी के आयात को लेकर यह नया और कड़ा आदेश जारी किया है।

भारत और यूएई समझौते से जुड़ा है पूरा मामला

दरअसल, भारत और यूएई के बीच साल 2022 में एक द्विपक्षीय समझौता हुआ था। इसके तहत भारत को यूएई से आयात होने वाली चांदी पर हर साल एक फीसदी आयात शुल्क कम करना था। इस नियम के कारण भारत को यूएई से चांदी मंगाने पर सिर्फ सात फीसदी ड्यूटी देनी पड़ रही थी।

वहीं दूसरी तरफ ब्रिटेन जैसे देशों से चांदी मंगाने पर 15 फीसदी का भारी आयात शुल्क देना पड़ता था। इस बड़े अंतर के कारण सरकार को आशंका थी कि कारोबारी इस पॉलिसी का फायदा उठा सकते हैं। वे यूएई के रास्ते भारी मात्रा में चांदी भारत ला सकते थे, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया।

<

इंदौर सराफा बाजार में चांदी की कीमतों में भारी उछाल

इस बड़े फैसले का असर घरेलू बाजारों पर तुरंत देखने को मिला है। सोमवार को इंदौर के सर्राफा बाजार में चांदी के दाम करीब 6700 रुपये की भारी छलांग लगाकर 2,60,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए। इसके विपरीत सोने की कीमतों में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी हलचल देखी गई। सोना वायदा 4539 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4589 डॉलर और नीचे में 4480 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी 75.86 डॉलर के स्तर को छूने के बाद ऊपर में 76.87 डॉलर और नीचे में 73.84 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

Author: Rajesh Kumar

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories