Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की नेरचौक नगर परिषद के सभी 9 वार्डों के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम आज देर शाम घोषित कर दिए गए। इन चुनावों में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी ने एकतरफा ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कांग्रेस की इस आंधी में विपक्षी दल भाजपा का किला पूरी तरह ढह गया है।
इस बार का चुनावी मुकाबला बेहद रोचक और दिलचस्प रहा। चुनाव नतीजों ने कई राजनीतिक दिग्गजों को धूल चटा दी है। वहीं दूसरी तरफ कई नए और युवा चेहरों ने शानदार जीत का परचम लहराया है। परिणाम आते ही विजेताओं के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए जोड़-तोड़ शुरू
पार्षदों के नतीजे घोषित होने के साथ ही नेरचौक में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की प्रतिष्ठित कुर्सी को लेकर अंदरूनी जंग शुरू हो गई है। बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस खेमे में शीर्ष पदों के लिए जोड़-तोड़ की सियासत चरम पर पहुंच चुकी है।
वार्ड वाइज परिणामों की बात करें तो वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस की मीना कुमारी विजयी रही हैं। उन्होंने 249 वोट हासिल कर अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी रीतू कुमारी को 44 मतों से शिकस्त दी। इस सीट पर शुरुआत से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मजबूत पकड़ बनाई थी।
वार्ड नंबर 2 से भारतीय जनता पार्टी को एकमात्र राहत मिली है। यहां भाजपा के चेत सिंह ने 248 वोट पाकर जीत दर्ज की। उन्होंने कड़े मुकाबले में तेज सिंह को मात्र 3 वोटों के बेहद मामूली अंतर से हराया। इस वार्ड में अंतिम समय तक सस्पेंस बना रहा।
पिंक बूथ भंगरोटू से समाजसेवी अमृतपाल सिंह जीते
वार्ड नंबर 3 से कांग्रेस के रणजीत सिंह ने 164 वोट लेकर चुनाव जीत लिया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी बलदेव को 42 मतों से पराजित किया। इसके अलावा वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस की सोलमा देवी ने 285 वोट हासिल कर अपनी प्रतिद्वंद्वी मोनिका को 86 वोटों से पटखनी दी।
वार्ड नंबर 5 यानी पिंक बूथ भंगरोटू से कांग्रेस समर्थित समाजसेवी अमृतपाल सिंह काका ने शानदार परचम लहराया है। उन्होंने 273 वोट हासिल किए। अमृतपाल ने अपने मुख्य प्रतिद्वंदी अमन लखनपाल को 74 वोटों के बड़े अंतर से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
वार्ड नंबर 6 से कांग्रेस की सविता ने 399 वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी सोनू को 131 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। सविता की इस बंपर जीत ने विपक्षी खेमे के सारे चुनावी समीकरणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
कांग्रेस प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से विरोधियों को दी शिकस्त
वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस की स्वाती ने भी रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। स्वाती ने 399 वोट हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी रीता देवी को 173 मतों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी। इस वार्ड में कांग्रेस को एकतरफा वोट मिले हैं।
वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस के तिलक राज विजयी रहे हैं। तिलक राज ने 159 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मनीराम को 129 भारी वोटों से हराया। इस सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार मुकाबले में कहीं भी टिकते हुए नजर नहीं आए।
अंतिम वार्ड नंबर 9 से कांग्रेस के सुनील कुमार ने 383 वोट हासिल कर धमाकेदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी आलम राम को 123 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इसके साथ ही कांग्रेस ने कुल 9 में से 8 वार्डों पर कब्जा जमा लिया है।
Author: Harikarishan Sharma

