West Bengal News: पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में इस बार सत्ता के साथ-साथ नैरेटिव की लड़ाई भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बर्धमान जिले के कटवा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। पीएम ने ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘अब हिसाब होगा’ और बंगाल बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने ‘भय मुक्त बंगाल’, ‘भ्रष्टाचार का हिसाब’ और ‘घुसपैठियों की विदाई’ जैसे बड़े मुद्दे उठाए।
घुसपैठियों पर कड़ा प्रहार: ‘बोरिया-बिस्तर बांध लें’
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की सबसे संवेदनशील रग घुसपैठ पर हाथ रखते हुए कहा कि दुनिया के विकसित देश आज घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “घुसपैठिए अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें। जिन्होंने नकली कागजात बनवाए और बंगाल के गरीबों का हक लूटा, उन सबका हिसाब होगा।” पीएम ने कहा कि फर्जी पहचान पत्रों के जरिए किसान सम्मान निधि और राशन कार्ड का लाभ लेने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। सीएए के तहत शरणार्थियों को नागरिकता देने की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी वादा किया।
महिलाओं को 3000 रुपये मासिक और आयुष्मान योजना का एलान
पीएम मोदी ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंगाल में लागू होने से रोका। उन्होंने गारंटी दी कि 4 मई के बाद भाजपा की पहली कैबिनेट बैठक में ‘आयुष्मान भारत’ योजना लागू कर दी जाएगी, जिससे लाखों परिवारों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। महिलाओं के लिए विशेष घोषणा करते हुए पीएम ने कहा कि भाजपा सरकार हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक मदद देगी। उन्होंने कहा, “भाजपा के राज में बंगाल की बेटियां बिना किसी डर के रात-दिन कहीं भी आ-जा सकेंगी। हम टीएमसी के ‘सिंडिकेट राज’ और लूट की दुकान बंद करेंगे।”
किसानों और युवाओं के लिए ‘विजन 2026’
बर्धमान को ‘धान का कटोरा’ बताते हुए पीएम ने कहा कि यहां आलू सड़ रहा है और किसान बेहाल है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही किसानों को केंद्र और राज्य मिलाकर सालाना 9000 रुपये की सम्मान निधि मिलेगी। युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों में उम्र सीमा में छूट और खाली पदों को तेजी से भरने का रोडमैप भी पेश किया। पीएम ने कहा कि भाजपा के राज में सचिवालय से लेकर पुलिस थाने तक हर व्यवस्था भयमुक्त और पारदर्शी होगी। उन्होंने चुनाव आयोग की सराहना करते हुए कहा कि अन्य राज्यों में बिना हिंसा के भारी मतदान हुआ, अब बंगाल में ‘भय’ की जगह ‘भरोसा’ की जीत होगी।


