Tech News: टेक दिग्गज एप्पल आखिरकार अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 27 के साथ आईफोन में इंडिपेंडेंट वॉल्यूम कंट्रोल्स फीचर शामिल करने जा रहा है। एंड्रॉइड यूजर्स इस शानदार फीचर का इस्तेमाल सालों से कर रहे हैं। एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, अब आईफोन यूजर्स को भी हर साउंड के लिए एक कॉमन सेटिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
यह नया और बड़ा अपडेट यूजर्स को रिंगटोन, अलार्म, टाइमर और सिस्टम साउंड की आवाज को अलग-अलग एडजस्ट करने की पूरी आजादी देता है। हालांकि एप्पल ने अपने WWDC 2026 इवेंट में सबसे ज्यादा ध्यान एप्पल इंटेलिजेंस और सिरी AI पर केंद्रित रखा, लेकिन इस छोटे से ऑडियो बदलाव ने आईओएस की एक बहुत पुरानी कमी को दूर कर दिया है।
इस नए फीचर की बदौलत अब यूजर्स अलग-अलग अलर्ट्स और नोटिफिकेशन्स की आवाज पर बेहतर नियंत्रण पा सकेंगे। एंड्रॉयड अथॉरिटी की रिपोर्ट के मुताबिक, ये नए ऑडियो कंट्रोल्स आईफोन की सेटिंग्स ऐप के अंदर ‘Sounds and Haptics’ सेक्शन में देखने को मिलेंगे। यहां जाकर यूजर अपनी पसंद से वॉल्यूम लेवल तय कर सकते हैं।
iOS 27 में मिलेगा ‘Match Ringtone Volume’ का खास ऑप्शन
अब तक आईफोन यूजर्स को सभी तरह के नोटिफिकेशन्स और अलर्ट्स के लिए एक ही मुख्य वॉल्यूम बटन पर निर्भर रहना पड़ता था। इस वजह से किसी एक कैटिगरी की आवाज कम या ज्यादा करने पर दूसरी सेटिंग्स भी प्रभावित होती थीं। इसी समस्या को खत्म करने के लिए एप्पल ने इसमें एक नया विकल्प जोड़ा है।
कंपनी ने नए सॉफ्टवेयर में ‘Match Ringtone Volume’ का एक बेहद उपयोगी ऑप्शन दिया है। जब तक यह ऑप्शन ऑन रहेगा, आपका आईफोन पुराने ढर्रे पर ही काम करेगा और एक कॉमन वॉल्यूम सेटिंग का इस्तेमाल करेगा। लेकिन जैसे ही आप इसे ऑफ करेंगे, सारे ऑडियो कंट्रोल्स पूरी तरह से स्वतंत्र हो जाएंगे।
इसके बाद आप अलार्म, टाइमर, अलर्ट और सिस्टम साउंड को अपनी जरूरत के हिसाब से अलग से सेट कर सकेंगे। एप्पल का कहना है कि यह नया अलार्म और टाइमर कंट्रोल ‘Wake-Up’ अलार्म और कुछ अन्य स्पेशल अलार्म्स पर लागू नहीं होगा, क्योंकि उनमें पहले से ही अलग से वॉल्यूम सेट करने का विकल्प मिलता है।
कीबोर्ड क्लिक और मैसेज टोन को भी कर सकेंगे कंट्रोल
एप्पल ने यह भी साफ किया है कि अलर्ट और सिस्टम साउंड की श्रेणी में आपके टेक्स्ट मैसेज के नोटिफिकेशन्स शामिल होंगे। इसके साथ ही कीबोर्ड क्लिक की आवाज, कैमरा शटर इफेक्ट और इसी तरह के दूसरे सिस्टम ऑडियो भी इसी कैटेगरी का हिस्सा होंगे, जिन्हें अब आसानी से धीमा या तेज किया जा सकेगा।
फिलहाल ये नए कंट्रोल्स किसी एक सिंगल अलार्म पर अलग से लागू होते नहीं दिख रहे हैं। इसके बजाय यूजर्स ब्रॉडर साउंड कैटेगरीज को अलग से मैनेज कर पाएंगे। यह नया बदलाव आईफोन को काफी हद तक एंड्रॉयड के उस अप्रोच के करीब ले आता है, जहां यह फीचर सालों से एक स्टैंडर्ड रहा है।
इंडिपेंडेंट वॉल्यूम कंट्रोल्स उन कई छोटे लेकिन बेहद जरूरी सुधारों में से एक हैं, जिन्हें आईओएस 27 में शामिल किया गया है। इस अपडेट को कंपनी ने WWDC 2026 में पेश किया था। एप्पल इसकी डेवलपर बीटा रोलआउट कर चुका है, जबकि पब्लिक बीटा के अगले महीने तक आने की पूरी उम्मीद है।
Author: Mohit


