रेड रोड पर योग का महाकुंभ! पीएम मोदी और सीएम शुभेंदु साधेंगे सांसें, हुगली की लहरों पर बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड

West Bengal News: देश की सांस्कृतिक और बौद्धिक चेतना का केंद्र रहा बंगाल एक बेहद ऐतिहासिक दृश्य का गवाह बनने जा रहा है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता का ऐतिहासिक रेड रोड रविवार को सेहत का नया राजमार्ग बनेगा। इस विराट आयोजन की गूंज देश की सीमाओं को पार कर वैश्विक पटल पर सुनाई देगी।

करीब 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह पहला मौका है जब बंगाल की पावन धरती पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का ऐसा भव्य आयोजन कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने जा रहा यह ऐतिहासिक कार्यक्रम राजनीति, संस्कृति और स्वास्थ्य के एक अनूठे त्रिवेणी संगम का साक्षी बनेगा।

इस महा-आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोलकाता के रेड रोड पर सुबह सामूहिक योग का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत कई गणमान्य लोगों के साथ हजारों साधक एक सुर और एक ताल में प्राणायाम करेंगे।

परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत ड्रोन शो

योग दिवस की पूर्व संध्या पर ही पूरा कोलकाता शहर रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठा। हुगली नदी के तट पर ‘वंदे योगम’ कार्यक्रम के तहत आयोजित भव्य सांस्कृतिक योग कार्निवल, लेजर और ड्रोन शो ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। करीब 3,000 ड्रोनों ने एक साथ आसमान में उड़ान भरकर सबको हैरान कर दिया।

इन चमकते हुए ड्रोनों ने न सिर्फ भारत की सनातन योग यात्रा की जीवंत झांकी पेश की, बल्कि महान योग गुरुओं को एक अनूठी डिजिटल श्रद्धांजलि भी दी। शनिवार की शाम को आसमान में बनी इन अद्भुत आकृतियों को देखकर हुगली के घाटों पर उमड़ा जनसैलाब भारत की इस बढ़ती सांस्कृतिक शक्ति का साक्षी बना।

रविवार सुबह जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेड रोड पर योगाभ्यास के लिए उतरेंगे, तो उनके साथ 35,000 से अधिक लोग एक साथ सांसों को साधेंगे। यह बंगाल के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक योगाभ्यास होगा। इसके साथ ही इस बार आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण हुगली नदी की लहरें बनने वाली हैं।

हुगली की लहरों पर नावों पर सधेगा संतुलन

नदी के पानी में इस बार 500 से अधिक पारंपरिक नौकाओं पर सामूहिक योग का अनोखा प्रदर्शन किया जाएगा। जब नदी की लहरों पर डोलती नावों पर योगी अपना संतुलन साधेंगे, तो वह दृश्य पूरी दुनिया को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर देगा। देश की सुरक्षा से जुड़े जवान भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

इस बार आयुष मंत्रालय ने वीआइपी कल्चर और जंक फूड को पूरी तरह किनारे कर स्वदेशी ‘आयुष आहार’ को मुख्यधारा में शामिल किया है। आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों को लो-कैलोरी झालमुड़ी, मिलेट्स (मोटे अनाज) से बने पौष्टिक बिस्कुट, चिक्की और ऊर्जा से भरपूर ताजा नारियल पानी ही परोसा जाएगा।

वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की आधिकारिक थीम ‘योग फार हेल्दी एजिंग’ (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। आज जब दुनिया की एक बड़ी आबादी उम्र बढ़ने के साथ होने वाली बीमारियों से जूझ रही है, तब यह थीम हर आयु वर्ग के बुजुर्गों को सक्रिय रखने की एक नई उम्मीद लेकर आई है।

पीएम मोदी सौंपेंगे तीन स्वदेशी युद्धपोत

यह भव्य आयोजन बंगाल के लिए सिर्फ स्वास्थ्य का संदेश नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और गौरव का भी प्रतीक बन गया है। मुख्य कार्यक्रम के ठीक बाद प्रधानमंत्री मोदी श्यामाप्रसाद मुखर्जी पोर्ट का रुख करेंगे। वहां वे भारतीय नौसेना को तीन अत्याधुनिक और पूर्णतः स्वदेशी युद्धपोत सौंपकर देश की समुद्री ताकत बढ़ाएंगे।

राजनीतिक बदलाव के बाद बंगाल की धरती से शुरू हुआ यह महा-अभियान देश और दुनिया को यह साफ संदेश दे रहा है कि जब स्वास्थ्य, संस्कृति और राष्ट्रनीति एक साथ मिलते हैं, तो विकास का एक नया सवेरा होता है। कोलकाता का रेड रोड आज नए और स्वस्थ भारत के निर्माण का मुख्य मार्ग बनेगा।

Author: Sourav Banerjee

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories