Bihar News: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग पर अचानक हमला हो गया। असामाजिक तत्वों द्वारा की गई इस फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना से नाराज छात्र सुबह ही सड़कों पर उतर आए। छात्रों के भारी आक्रोश को देखते हुए इलाके में तनाव फैल गया है।
इस बड़ी घटना के बाद कोचिंग प्रबंधन ने सुरक्षा के लिहाज से फिलहाल सभी क्लास स्थगित कर दी हैं। बुधवार सुबह से ही कोचिंग के बाहर हजारों की संख्या में छात्र जमा हो गए। छात्रों की भारी भीड़ के कारण मुख्य सड़क पूरी तरह जाम हो गई है, जिससे यातायात ठप है।
खान सर ने बालकोनी से छात्रों से की शांति की अपील
हालात बिगड़ते देख खान सर ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी कोचिंग की बालकोनी से खड़े होकर नीचे मौजूद सभी छात्रों से शांति बनाए रखने की भावुक अपील की। उन्होंने छात्रों को समझाया और उनसे तुरंत अपने घर लौटने को कहा। हालांकि, छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
कार्रवाई की मांग पर अड़े बड़ी संख्या में छात्र बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में काफी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
कम फीस में पढ़ाने के कारण हुआ हमला
मंगलवार रात करीब 11:30 बजे खान सर खुद घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके यहां कम फीस में बच्चों को पढ़ाया जाता है। इसी बात से नाराज होकर दूसरे कोचिंग संचालकों ने उनके संस्थान पर हमला करवाया है। इस हमले में कोचिंग का एक सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
खान सर ने उपद्रवियों द्वारा कई राउंड फायरिंग करने की बात भी कही है। इस मामले में पुलिस ने 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने साफ किया है कि इस गुंडागर्दी में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
दो कोचिंग संचालकों के बीच बढ़ा आपसी विवाद
कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार के अनुसार खान कोचिंग की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। इस शिकायत में दूसरे पक्ष पर सीधे तौर पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में एक नया मोड़ भी सामने आया है। दूसरी तरफ से ज्ञान बिंदु कोचिंग पक्ष ने भी खान क्लासेस के सुरक्षाकर्मियों पर जवाबी फायरिंग करने का आरोप मढ़ दिया है। पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों के दावों की बारीकी से जांच कर रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Author: Amit Yadav


