विराट कोहली का बड़ा कबूलनामा! आरसीबी के चैंपियन बनते ही बोले- ‘मैं 50 छक्के नहीं लगा सकता’

Sports News: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनते ही दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का एक बड़ा बयान सामने आया है। कोहली ने साफ तौर पर स्वीकार किया है कि वह आईपीएल के किसी एक सीजन में 40 या 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बिल्कुल नहीं हैं।

इस सीजन में जहां वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी ने रिकॉर्ड 72 छक्के उड़ाए, वहीं विराट कोहली के बल्ले से केवल 25 छक्के ही निकले। कोहली ने कहा कि वह दूसरों की नकल करने के बजाय अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा करते हैं। वह बड़े छक्के लगाने के बजाय अपनी टाइमिंग और क्लासिक शॉट्स पर ध्यान देते हैं।

विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में आरसीबी के लिए बल्ले से जमकर कोहराम मचाया और पूरे सीजन में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 675 रन कूट डाले। उन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में भी दबाव को सोखते हुए नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ और बेहद कप्तानी पारी खेली।

छक्के नहीं, तो चौकों से गेंदबाजों को करेंगे पस्त

सीजन में भले ही कोहली ने 25 छक्के लगाए हों, लेकिन उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट खेलते हुए 73 बेहतरीन चौके जड़े। चौके लगाने के मामले में उनसे ऊपर केवल साई सुदर्शन (75) और शुभमन गिल (74) ही रहे। इसी वजह से कोहली ने माना कि वह 50 छक्के भले न मारें, पर 80 चौके आसानी से लगा सकते हैं।

आईपीएल द्वारा जारी एक विशेष वीडियो में कोहली ने अपने खेल की रणनीति पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने खेल के इस पारंपरिक पहलू पर बहुत ज्यादा कड़ी मेहनत की है। वह केवल वही शॉट्स खेलते हैं, जिसे खेलने में उन्हें आसानी होती है और जिससे टीम को मजबूती मिलती है।

कोहली ने गर्व से कहा कि जब भी वह क्रीज पर टिककर लंबे समय तक बल्लेबाजी करते हैं, तो उनकी टीम का जीत प्रतिशत शत-प्रतिशत (100%) रहता है। उन्हें अच्छी तरह पता है कि उनका क्रीज पर समय बिताना टीम के हित में होता है और इससे बाकी बल्लेबाजों का काम बेहद आसान हो जाता है।

शांत दिमाग और अपनी स्किल्स पर भरोसे ने बनाया चैंपियन

खिताब जीतने के बाद टीम के माहौल पर बात करते हुए कोहली ने कहा कि इस बार फाइनल मुकाबले में उतरने से पहले टीम बिल्कुल भी दबाव में नहीं थी। पूरी टीम के खिलाड़ी बेहद शांत थे और सभी को अपनी स्किल्स पर पूरा भरोसा था। उन्हें पता था कि क्षमता के अनुरूप खेलने पर जीत तय है।

दिग्गज बल्लेबाज ने आगे कहा कि आरसीबी इस पूरे टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन और संतुलित टीम साबित हुई है, जिसे लीग स्टेज के प्रदर्शन ने पूरी तरह सच साबित किया। टीम इस बार अंक तालिका में टॉप पर रही और बाकी सभी टीमों को पछाड़ते हुए सबसे पहले फाइनल का टिकट कटाया था।

Author: Prem Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories