IPL 2026 में दर्दनाक हादसा: कैच लपकने के चक्कर में गर्दन के बल गिरे DC के लुंगि एनगिडी, मैदान पर बुलानी पड़ी एंबुलेंस, मैक्स अस्पताल में भर्ती

Delhi News: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगि एनगिडी कैच लपकने के प्रयास में गर्दन के बल जोर से गिर पड़े। उनका सिर तेजी से जमीन से टकराया और वह दर्द से कराहते हुए मैदान पर ही लेट गए। यह देखकर पूरा स्टेडियम सन्न रह गया और खिलाड़ियों के चेहरों पर चिंता साफ झलकने लगी।

मैदान पर तुरंत पहुंची मेडिकल टीम

गिरते ही एनगिडी ने अपना सिर पकड़ लिया और कुछ देर तक हिलने-डुलने में असमर्थ रहे। आनन-फानन में फिजियो और मेडिकल स्टाफ की टीम उनके पास दौड़कर पहुंची। शुरुआत में वह कुछ हद तक रिस्पॉन्ड करते दिखे जिससे थोड़ी राहत मिली। लेकिन कुछ ही क्षणों में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह पूरी तरह लेटे रहे। मेडिकल स्टाफ ने बिना देर किए स्थिति को संभालना शुरू कर दिया।

नेक ब्रेस लगाकर रखा गया स्थिर

प्रारंभिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए एनगिडी की गर्दन को स्थिर रखने के लिए तुरंत नेक ब्रेस लगा दिया। उन्हें किसी भी तरह की अनावश्यक हलचल से बचाने की पूरी कोशिश की गई। चोट की गंभीरता को देखते हुए पहले स्ट्रेचर मंगाया गया लेकिन स्थिति ज्यादा नाजुक लगने पर मैदान के अंदर ही एंबुलेंस को बुलाने का निर्णय लिया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान स्टेडियम में सन्नाटा पसरा रहा।

एंबुलेंस से सीधे मैक्स अस्पताल ले जाया गया

तेज गेंदबाज को बिना कोई जोखिम उठाए एंबुलेंस के जरिए राजेंद्र नगर स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी गर्दन में गंभीर चोट का अनुमान लगाया जा रहा है। डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी जरूरी जांचें की जा रही हैं। इस अचानक घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को चिंता में डाल दिया है और सभी की निगाहें अब उनके स्वास्थ्य अपडेट पर टिकी हैं।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories