गोरखपुर के रामगढ़ताल में रोइंग चैंपियनशिप का रोमांच: यूपी की टीम फाइनल में, गुरुवार को सीएम योगी करेंगे सम्मानित

Gorakhpur News: गोरखपुर के रामगढ़ताल में 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। देशभर के युवा रोअर्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए कड़ा संघर्ष किया। मेजबान उत्तर प्रदेश की बालक क्वाड्रुपल स्कल टीम ने भी शानदार तालमेल दिखाते हुए फाइनल में प्रवेश कर पदक की उम्मीदें जगा दी हैं।

- Advertisement -

इस दो दिवसीय चैंपियनशिप का समापन गुरुवार को होगा। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे विजेताओं को पदक देकर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। जिलाधिकारी दीपक मीणा और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा लिया है।

इन टीमों का रहा दबदबा

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में हरियाणा, मध्य प्रदेश और आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। इन टीमों ने चार-चार वर्गों में फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। वहीं, केरल और ओडिशा ने भी तीन-तीन वर्गों में अपनी जगह बनाकर प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धी बना दिया है।

यूपी की टीम के लिए दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव और प्रवीण कुमार ने बालक क्वाड्रुपल स्कल स्पर्धा में बेहतरीन गति और तालमेल का प्रदर्शन किया। 06:30.8 के समय के साथ वे दूसरे स्थान पर रहे। हालांकि, बालक सिंगल स्कल में यूपी के मोहन महेश का साहसिक प्रदर्शन रहा, लेकिन वे फाइनल में पहुंचने से मामूली अंतर से चूक गए।

- Advertisement -

गुरुवार को होगा खिताबी मुकाबला

रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बालाजी मरादप्पा के अनुसार, गुरुवार सुबह 7:30 बजे से खिताबी मुकाबले शुरू होंगे। शाम को आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में बालिका डबल स्कल और बालक क्वाड्रुपल स्कल के फाइनल मुकाबले मुख्य आकर्षण होंगे। इन मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन में रोइंग फेडरेशन की फाइनेंस कमेटी और यूपी रोइंग एसोसिएशन के पदाधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रामगढ़ताल में इस स्तर के राष्ट्रीय आयोजन से गोरखपुर में जल खेलों (वाटर स्पोर्ट्स) के प्रति युवाओं का रुझान काफी बढ़ा है। प्रशासन ने समापन समारोह के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Author: Prem Sharma

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles