Punjab News: पंजाब सरकार ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की सुरक्षा में बड़ी कटौती कर दी है। उन्हें पहले राज्य सरकार की ओर से सबसे उच्च स्तर की जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई थी। अब यह सुरक्षा वापस ले ली गई है। इसे पार्टी के अंदर बढ़ती दूरी का संकेत माना जा रहा है।
राज्यसभा के उपनेता के पद से हटाए जाने के बाद वापस ली गई सुरक्षा
राघव चड्ढा को पंजाब के सह-प्रभारी और राज्यसभा सांसद होने के नाते यह सुरक्षा मिली थी। पंजाब पुलिस की ओर से उन्हें विशेष सुरक्षा कवर दिया गया था, जिसमें कमांडो दस्ता भी शामिल था। आम आदमी पार्टी ने 2 अप्रैल को उन्हें राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटा दिया। उनकी जगह अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने केंद्र पर साधा निशाना
राघव चड्ढा को अब केंद्र सरकार की ओर से जेड प्लस सुरक्षा दी जाएगी। इस पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “राघव चड्ढा को केंद्र सरकार ने जेड प्लस सिक्योरिटी दे दी है। केंद्र सरकार आखिर राघव चड्ढा पर इतनी मेहरबान क्यों है?” यह टिप्पणी सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को भी कर दिया था सूचित
आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित कर दिया था कि राघव चड्ढा को अब सदन में बोलने के लिए पार्टी कोटे से समय नहीं दिया जाए। यह कदम पार्टी और चड्ढा के बीच बढ़ती दूरी को साफ दर्शाता है। हालांकि, अब केंद्र सरकार द्वारा उन्हें जेड प्लस सुरक्षा देने से नई बहस छिड़ गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे आप और केंद्र सरकार के बीच तकरार का नया मोड़ मान रहे हैं। फिलहाल, चड्ढा ने स्वयं इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।


