Ranchi News: दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। प्राचार्या डॉ जया चौहान के नेतृत्व में स्कूल परिसर में एक बड़ी सौर ऊर्जा प्रणाली का शुभारंभ किया गया। यह पहल न केवल बिजली बचाने में मदद करेगी, बल्कि छात्रों को नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा भी देगी।
सौर ऊर्जा से होगी बिजली की बचत
स्कूल में100 किलोवोल्ट एम्पीयर (केवीए) क्षमता की ऑन ग्रिड सोलर पैनल प्रणाली लगाई गई है। इस सिस्टम में 170 उच्च दक्षता वाले सोलर प्लेट्स लगे हैं। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देना और कार्बन फुटप्रिंट को कम करना है। स्कूल प्रशासन का मानना है कि इससे बिजली की खपत में काफी कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा का नया मॉडल
उद्घाटन केदौरान प्राचार्या डॉ जया चौहान ने कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि यह सोलर सिस्टम छात्रों के लिए एक लाइव लर्निंग मॉडल की तरह काम करेगा। इससे बच्चे नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व को समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में भी अहम है। इस मौके पर स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने इस उपलब्धि को सराहा।
हरित भविष्य की ओर कदम
यह परियोजनादिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची की नवाचार और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। स्कूल अब एक ऐसे संस्थान के रूप में उभर रहा है जो पढ़ाई के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी सिखा रहा है। यह पहल एक स्वच्छ, हरित और बेहतर भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।


