Delhi News: पश्चिम एशिया में जारी संकट और उससे उत्पन्न चुनौतियों पर चर्चा के लिए सरकार ने बुधवार शाम पांच बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। विपक्ष ने प्रधानमंत्री के संसद में वक्तव्य के बाद इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग उठाई थी।
राहुल गांधी नहीं होंगे शामिल
लोकसभामें विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में मीडिया से कहा कि वह सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि केरल में उनका एक कार्यक्रम पहले से तय है। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दल पश्चिम एशिया युद्ध और भारत पर उसके प्रभाव को लेकर सरकार से लगातार सवाल उठा रहे हैं।
पीएम मोदी ने राज्यसभा में दी थी जानकारी
राज्यसभामें मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में छिड़े संघर्ष से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए सात नए समूहों का गठन किया गया है। ये समूह एलपीजी, आवश्यक सेवाओं और वस्तुओं की आपूर्ति का नियमित आकलन करेंगे और सुझाव देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि तीन सप्ताह से अधिक समय से जारी इस युद्ध ने दुनिया में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है।
सरकार ने पहले भी दी थी स्थिति से निपटने की जानकारी
प्रधानमंत्रीमोदी ने सोमवार को लोकसभा में कहा था कि पश्चिम एशिया में संघर्ष से पैदा हुआ अप्रत्याशित संकट लंबे समय तक रहने वाला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इससे निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है। विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर संसद में सरकार से सवाल कर रहे हैं। अब बुधवार को होने वाली सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के साथ इस संकट पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।


