Tamil Nadu News: अभिनेता और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख विजय ने रविवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि वह दो सीटों – चेन्नई की पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली (त्रिची) ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे। इन सीटों पर उम्मीदवार का नाम ‘सी. जोसेफ विजय’ होगा। विजय ने अपनी पहली चुनावी पारी की शुरुआत कर दी है।
प्रमुख चेहरों को टिकट, भ्रष्टाचार के खिलाफ शपथ दिलवाई
पार्टीपदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए विजय ने उम्मीदवारों की सूची जारी की। एन आनंद, अधव अर्जुन, आर अरुणराज, सीटीआर निर्मल कुमार और केए सेंगकोट्टैयान जैसे वरिष्ठ नेताओं को टी नगर, विल्लीवाक्कम, गोबिचेट्टीपलयम और तिरुप्परनकुंड्रम जैसी महत्वपूर्ण सीटों से मैदान में उतारा गया है। विजय ने अपने उम्मीदवारों से ‘भ्रष्टाचार’ के खिलाफ शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा कि डीएमके की तानाशाही को खत्म करने के लिए यह चुनाव जीतना ही होगा।
डीएमके को चुनौती, चुनाव को द्विपक्षीय लड़ाई बताया
विजय नेचुनाव को एक सीधा मुकाबला बताया। उन्होंने कहा कि लड़ाई उनके जनता के गठबंधन और सत्ताधारी डीएमके के बीच होगी। उन्होंने डीएमके गठबंधन को ‘समझौता गठबंधन’ करार दिया। विजय ने कहा, “यह हमारी जन टीम और स्टालिन सर की टीम के बीच दोतरफा लड़ाई है।” उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे उम्मीदवार चुने हैं जिन पर वह भरोसा कर सकते हैं।
घोषणापत्र में युवाओं के लिए गारंटी, ड्रग्स मुक्त राज्य का वादा
विजय नेपार्टी का घोषणापत्र भी जारी किया। उन्होंने युवाओं के लिए खास ‘गारंटी’ एजेंडा पेश किया। इसमें कक्षा 12वीं से पीएचडी तक के छात्रों के लिए 20 लाख रुपये तक का बिना गारंटी लोन देने का वादा किया गया है। घोषणापत्र में राज्य को ड्रग्स से पूरी तरह मुक्त करने, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, बेरोजगारी भत्ता, इंटर्नशिप और नए उद्यमियों को विशेष सहायता देने का भी वादा किया गया है।


