PM Modi ने मन की बात में कहा- पड़ोस में भीषण युद्ध, अफवाहों से बचें, चीनी-तेल कम करें और युवाओं की ताकत पर भरोसा रखें

India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देश को संबोधित किया। उन्होंने वैश्विक संकट, पड़ोसी क्षेत्रों में जारी युद्ध, अर्थव्यवस्था, युवाओं की भागीदारी और फिटनेस जैसे कई मुद्दों पर चर्चा की। पीएम ने कहा कि दुनिया मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे में भारत की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है।

पड़ोस में युद्ध और वैश्विक संकट पर चिंता

प्रधानमंत्रीने कहा कि कोविड महामारी के बाद दुनिया को उम्मीद थी कि हालात सुधरेंगे, लेकिन कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष जारी है। उन्होंने पिछले एक महीने से पड़ोसी क्षेत्रों में चल रहे भीषण युद्ध का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि इन क्षेत्रों में लाखों भारतीयों के रिश्तेदार रहते हैं। उन्होंने खाड़ी देशों का आभार जताया, जो वहां रह रहे 1 करोड़ से अधिक भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

अफवाहों और राजनीति पर कड़ा प्रहार

पीएम मोदीने अफवाहों और संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और विदेशी मामलों पर राजनीति करना देशहित के खिलाफ है। अफवाह फैलाने वाले देश की नींव को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से ऐसे लोगों के बहकावे में न आने की अपील की।

फिटनेस मंत्र: योग अपनाएं, चीनी और तेल कम करें

प्रधानमंत्रीने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिक्र करते हुए लोगों से जीवनशैली सुधारने का आग्रह किया। उन्होंने सलाह दी कि दैनिक आहार में चीनी और खाने के तेल का इस्तेमाल कम करें। यह लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों से बचने का सरल तरीका है। पीएम ने ‘माय भारत’ संगठन के जरिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की।

खेलों में भारत का परचम: टी20 वर्ल्ड कप और रणजी ट्रॉफी पर बात

पीएम मोदीने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की तारीफ की। उन्होंने टी-20 विश्व कप जीत को देश के लिए गौरव का क्षण बताया। जम्मू-कश्मीर की रणजी ट्रॉफी जीत का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे घाटी के युवाओं में खेलों को लेकर नया उत्साह पैदा होगा। उन्होंने स्क्वॉश, हाफ मैराथन और अन्य खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।

शिक्षा और निरंतर अभ्यास का संदेश

प्रधानमंत्रीने कहा कि केवल किताबी ज्ञान काफी नहीं है। सीखने में सक्रिय भागीदारी और निरंतर अभ्यास ही ज्ञान को समझ में बदलता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और निरंतर नया सीखने की अपील की। पीएम मोदी ने साफ किया कि चुनौतीपूर्ण दौर में देशवासियों को एकजुट रहना होगा। भारत की असली ताकत उसके नागरिकों में है।

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories