India News: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाया है। अमेरिका ने इस जलमार्ग पर नाकाबंदी कर दी है, जबकि ईरान इसे खोलने के लिए अपनी शर्तों पर अड़ा है। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत ने अपना सख्त रुख दिखाते हुए कमर्शियल जहाजों पर हमलों की कड़ी निंदा की और सुरक्षित नौवहन की तत्काल बहाली का आग्रह किया।
होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल जहाजों पर मंडरा रहे खतरे पर भारत ने जताई गहरी चिंता
भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पी ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों की सुरक्षा भारत के लिए विशेष चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच संयम बरतने और तनाव कम करने की जरूरत है। भारत ने इस बात पर गहरा खेद व्यक्त किया कि इस संघर्ष में कमर्शियल जहाजों को सैन्य हमलों का निशाना बनाया गया।
भारतीय नाविकों की गई जान, निर्दोष नागरिकों को खतरे में डालना अस्वीकार्य
राजदूत हरीश पी ने कहा कि संघर्ष के दौरान जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की बहुमूल्य जानें चली गई हैं। भारत ने नागरिक समुद्री गतिविधियों पर हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, ‘हम दोहराते हैं कि कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों को खतरे में डालना अस्वीकार्य है।’ भारत ने होर्मुज स्ट्रेट में नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में किसी भी तरह की बाधा डालने को भी खारिज किया।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन और तत्काल नौवहन बहाली का आग्रह किया
हरीश पी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून का पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि होर्मुज स्ट्रेट के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की स्वतंत्रता को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। भारत ने वैश्विक सहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। समुद्री सुरक्षा भारत के ऊर्जा और आर्थिक हितों के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई है। भारत ने इस मुद्दे पर वीटो पहल के तहत हुई बहस में अपना पक्ष रखा। ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत अफगानिस्तान में विफल रही थी, और अब दोबारा बैठक के प्रयास जारी हैं। भारत का यह बयान ऐसे समय में आया है जब होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी के कारण वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है।


