Sambhal News: गंगा एक्सप्रेसवे पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिस हेड कॉन्स्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह अपने एक वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। हेड कॉन्स्टेबल जय भगवान का कहना है कि वह कुछ देर के लिए शौच जाने की वजह से अपनी ड्यूटी से हटे थे। उनका आरोप है कि इसी बात पर ट्रैफिक प्रभारी दुष्यंत बालियान ने उन्हें अनुपस्थित दिखाने और वापस कराने की धमकी दी।
सिपाही ने वीडियो में क्या बयान दिया
वायरल वीडियो में हेड कॉन्स्टेबल जय भगवान ने विस्तार से पूरी घटना बताई। उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक की लगाई गई थी। सुबह दूध पीने की वजह से उन्हें अचानक पॉटी आ गई। वह पास के एचपी पेट्रोल पंप पर फ्रेश होने चले गए। जब वह वापस लौटे तो फोन पर उनसे कहा गया कि वह कहां थे और उनकी वापसी कराई जाएगी। इस पर उन्होंने सफाई देने की कोशिश की।
अधिकारी ने किया अपमानजनक बयान
जय भगवान के अनुसार, जब उन्होंने ट्रैफिक प्रभारी दुष्यंत बालियान को बताया कि वह शौच के लिए गए थे, तो उनकी बात नहीं मानी गई। आरोप है कि अधिकारी ने उनसे कहा कि वह उनकी गैरहाजिरी लिख देंगे। इतना ही नहीं, जय भगवान ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘तेरी टट्टी का ठेका ले रखा है क्या।’ इस अपमानजनक टिप्पणी से आहत होकर उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड कर सार्वजनिक कर दिया।
एसपी ने दोनों को किया लाइन हाजिर
सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद संभल पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने हेड कॉन्स्टेबल जय भगवान और ट्रैफिक प्रभारी दुष्यंत बालियान दोनों को तत्काल लाइन हाजिर कर लिया है। एसपी के आदेश पर अब दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
सिपाही ने जताई बड़े खुलासे की बात
वायरल वीडियो में जय भगवान ने केवल अपनी गैरहाजिरी की बात नहीं की। उन्होंने ट्रैफिक प्रभारी पर वसूली का भी गंभीर आरोप लगाया। सिपाही ने अधिकारी का नाम लेकर कहा कि वह एक्सप्रेसवे पर वसूली करता है। उन्होंने यह भी साफ कहा कि वह इस मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करेंगे। फिलहाल, जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वीडियो में लगाए गए आरोप कितने सही हैं। पुलिस विभाग ने पूरे प्रकरण में निष्पक्षता बरतने का आश्वासन दिया है।


