Badaun News: मेरठ से प्रयागराज तक फैले 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण होते ही आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इसकी खूबियों का बखान करने के बाद, गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग इस आधुनिक सड़क मार्ग को निहारने पहुंचे। लोकार्पण के महज 24 घंटों के भीतर जिले के तीनों टोल प्लाजा से 300 से अधिक वाहन एक्सप्रेस-वे पर फर्राटा भरते नजर आए। स्थानीय लोगों में इस सौगात को लेकर जबरदस्त गर्व का भाव है।
स्थानीय लोगों का ‘विजिटिंग पॉइंट’ बना एक्सप्रेस-वे
गंगा एक्सप्रेस-वे पर चढ़ने वाले शुरुआती वाहनों में सबसे ज्यादा तादाद स्थानीय निवासियों की रही। टोल कर्मियों के अनुसार, लोग विशेष रूप से घटपुरी से एक्सप्रेस-वे पर चढ़े और वनकोटा या डहरपुर के रास्तों से होते हुए वापस लौटे। कुछ यात्री लखनऊ की ओर भी जाते दिखे। हालांकि, मेरठ, संभल या बुलंदशहर जैसे दूरदराज के इलाकों से आने वाले वाहनों की संख्या फिलहाल सीमित है। भारी वाहनों की आवाजाही अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन छोटे वाहनों का तांता लगा हुआ है।
बदायूं की नई पहचान से खिले युवाओं के चेहरे
एक्सप्रेस-वे को देखने पहुंचे युवाओं और परिवारों का उत्साह देखते ही बनता था। युवाओं का कहना है कि यह प्रोजेक्ट अब बदायूं की नई पहचान बनेगा। पहले बाहरी शहरों में जाकर जिला बताने के लिए बरेली का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब लोग शान से कह सकेंगे कि वे ‘गंगा एक्सप्रेस-वे वाले बदायूं’ से हैं। एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने और इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरों में कैद करने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
टोल प्लाजा पर सुरक्षा और स्टाफ की तैनाती
जिले में स्थित तीन मुख्य इंटरचेंज—वनकोटा, घटपुरी और डहरपुर पर प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां मुकम्मल दिखीं। डहरपुर और वनकोटा टोल प्लाजा पर अडानी कंपनी का स्टाफ पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। वहां कंट्रोल रूम से लेकर अन्य जरूरी सिस्टम काम करने लगे हैं। हालांकि, घटपुरी टोल पर अभी कुछ तकनीकी कार्य शेष होने के कारण वहां व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय नहीं हुई हैं। जल्द ही सभी टोल पूरी क्षमता के साथ कार्य करना शुरू कर देंगे।
नेताओं और मंत्रियों ने भी सहेजीं यादें
बुधवार को हुए भव्य लोकार्पण कार्यक्रम के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा सहित कई विधायकों और जन प्रतिनिधियों ने एक्सप्रेस-वे का दौरा किया। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य समेत कई भाजपा नेताओं ने यहां पहुंचकर तस्वीरें खिंचवाईं। नेताओं का मानना है कि यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने के साथ-साथ आम जनता के सफर को बेहद सुगम और सुरक्षित बना देगा। यह पल बदायूं के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है।


