Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े लूट की एक रूहकपा देने वाली वारदात सामने आई है। दो नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर गृहिणी को बंधक बनाया और आठ लाख रुपये की नगदी सहित सोने के गहने लूट लिए। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की, उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और शोर मचाने से रोकने के लिए मुंह पर टेप चिपका दिया। इस दुस्साहसिक घटना ने इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वारदात त्रिलोकपुरी के 35 ब्लॉक की है, जहां पीड़िता फिरोजा अपने परिवार के साथ रहती हैं। घटना के समय उनके पति और दोनों बेटे नोएडा स्थित अपनी दर्जी की दुकान पर गए हुए थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे जब फिरोजा घर में सफाई कर रही थीं, तभी मुख्य दरवाजा खुला देख दो बदमाश अंदर दाखिल हुए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को बेड पर डाल दिया और बेरहमी से मारपीट की। लूट के बाद बदमाश हड़बड़ाहट में घर से बाहर निकले, जिससे पड़ोसियों को उन पर शक हुआ।
करीबी पर शक और पुलिस की तफ्तीश: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें
पड़ोसियों ने जब घर के भीतर जाकर देखा तो फिरोजा को बंधक पाया, जिसके बाद उन्हें तुरंत एलबीएस (LBS) अस्पताल में भर्ती कराया गया। मयूर विहार थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर लूट और बंधक बनाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि इस वारदात के पीछे किसी करीबी का हाथ हो सकता है, क्योंकि बदमाशों को घर में मौजूद नगदी और परिवार की अनुपस्थिति की सटीक जानकारी थी।
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ सहित कई टीमें बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई हैं। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि नकाबपोश बदमाशों की पहचान की जा सके। साथ ही, महिला के घर आने-जाने वाले संदिग्धों की सूची तैयार की जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी डर और आक्रोश का माहौल है, लोग दिनदहाड़े हुई इस लूट को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

