फिरोजाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच दिनदहाड़े मुठभेड़, ताबड़तोड़ फायरिंग में दो इनामी ढेर, दो सिपाही घायल

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस और बदमाशों के बीच एक सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। ट्रेन में घेरेबंदी के दौरान बदमाशों ने एसओजी टीम पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें दो सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।

- Advertisement -

इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए भाग रहे दोनों बदमाशों को करीब एक किलोमीटर दूर नीम खेरिया गांव के पास घेर लिया। दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में पुलिस ने दोनों शातिर अपराधियों को मौके पर ही मार गिराया है।

ट्रेन में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने चलाई गोली

पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को एक डॉक्टर से हुई लूट के मामले में सुमित और अंकित उर्फ सीपू नाम के दो बदमाश फरार चल रहे थे। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं, जिसके बाद शिकोहाबाद स्टेशन पर घेराबंदी की गई।

खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने अचानक पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली एसओजी टीम के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र को लगी। एक सिपाही के पेट में गोली लगी है, जिनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया है।

- Advertisement -

घेराबंदी कर खेतों में दोनों शूटरों को किया ढेर

फायरिंग के बाद दोनों बदमाश स्टेशन से भागकर पास के खेतों की तरफ निकल गए। सिपाहियों को गोली लगने की सूचना मिलते ही जिले में हड़कंप मच गया और करीब 20 थानों की पुलिस फोर्स ने इलाके की नाकेबंदी कर दी। खेतों में दोबारा हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी ढेर हो गए।

मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीमें अब भी पूरे इलाके में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles