Tech News: लग्जरी स्मार्टफोन और गैजेट्स बनाने वाली मशहूर अंतरराष्ट्रीय कंपनी कैवियार (Caviar) ने फुटबॉल जगत के दो सबसे महान खिलाड़ियों—लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो को सम्मान देते हुए एक बेहद खास लिमिटेड एडिशन कलेक्शन ‘लेजेंड्स’ बाजार में उतारा है।
कंपनी ने आने वाले सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा (Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra) और एप्पल आईफोन 17 प्रो (Apple iPhone 17 Pro) को 24 कैरेट गोल्ड और प्रीमियम हैंडक्राफ्टेड डिजाइन के साथ पेश किया है। इस कलेक्शन की दुनिया भर में सिर्फ 19-19 यूनिट्स ही बेची जाएंगी।
मेसी एडिशन में दिखेगी अर्जेंटीना की शानदार झलक
कैवियार का मेसी एडिशन पूरी तरह से सैमसंग के आगामी फोल्डेबल फोन गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा पर आधारित है। इस फोन के बैक पैनल पर लियोनेल मेसी का एक खूबसूरत पोर्ट्रेट, उनका मशहूर जर्सी नंबर 10 और अर्जेंटीना के राष्ट्रीय प्रतीकों को कलात्मक ढंग से सजाया गया है।
इस लग्जरी फोन के फ्रेम और बॉडी एलिमेंट्स में शुद्ध 24 कैरेट गोल्ड प्लेटिंग के साथ प्रीमियम इनैमल फिनिश का इस्तेमाल किया गया है। इसके चलते यह स्मार्टफोन से कहीं ज्यादा फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बेशकीमती कलेक्टर्स आइटम बन गया है।
पुर्तगाल के रंग में रंगा रोनाल्डो का आईफोन 17 प्रो
दूसरी तरफ, क्रिस्टियानो रोनाल्डो को समर्पित रोनाल्डो एडिशन को एप्पल आईफोन 17 प्रो को बेस मॉडल मानकर डिजाइन किया गया है। इसके बैक पैनल पर रोनाल्डो की तस्वीर, उनका पसंदीदा जर्सी नंबर 7 और पुर्तगाल के राष्ट्रीय प्रतीकों को खास ज्यामितीय (Geometric) लाइनों के साथ उकेरा गया है।
इस फोन में भी प्रीमियम 24K गोल्ड प्लेटिंग देखने को मिलती है। कैवियार हर एक हैंडसेट के साथ एक खास प्रीमियम बॉक्स देगा, जिसमें गोल्ड-प्लेटेड चाबी और एक ब्रैंडेड स्मारक सिक्का (कॉइन) भी शामिल होगा। सीमित संख्या होने की वजह से इसकी वैल्यू काफी ज्यादा है।
लॉंच से पहले प्री-ऑर्डर शुरू, कीमत उड़ा देगी होश
लग्जरी आईफोन 17 प्रो रोनाल्डो एडिशन (256GB) की शुरुआती कीमत 11,410 डॉलर (लगभग 10,99,999 रुपये) तय की गई है, जबकि इसका टॉप मॉडल 13,130 डॉलर (करीब 12,63,000 रुपये) तक जाता है। गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा वाले मेसी एडिशन की कीमत भी इसी प्रीमियम रेंज में है।
रोचक बात यह है कि सैमसंग ने अभी तक आधिकारिक तौर पर गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 अल्ट्रा को लॉन्च नहीं किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सैमसंग का यह फोन 22 जुलाई 2026 को आधिकारिक रूप से लॉन्च हो सकता है, लेकिन कैवियार ने अभी से ही इसके लिए प्री-ऑर्डर लेना शुरू कर दिया है।

