Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पांच वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
अनिल कुमार सिंह बने रामपुर के नए पुलिस अधीक्षक
तबादला सूची के अनुसार अनिल कुमार सिंह (आईपीएस-2015) को लखनऊ सुरक्षा मुख्यालय से हटाकर रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात उपायुक्त गोपाल कृष्ण चौधरी (आईपीएस-2016) का भी तबादला हुआ है। उन्हें लखनऊ में ही 32वीं वाहिनी पीएसी का नया सेनानायक नियुक्त किया गया है।
मोहम्मद मुस्ताक को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में मिली जिम्मेदारी
ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक (आईपीएस-2016) को अब लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में रामपुर के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना (आईपीएस-2017) को वहां से हटा दिया गया है। उन्हें अब आगरा में क्षेत्रीय अभिसूचना का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा संजीव कुमार बाजपेई (आईपीएस-2018) को एटा से स्थानांतरित किया गया है। वे अभी तक वहां 43वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर तैनात थे। उन्हें अब ललितपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। शासन ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया है।

