Amravati News: देश में भले ही लोग कोविड-19 (Covid-19) महामारी को भूलकर निश्चिंत हो चुके हैं, लेकिन कोरोना का वायरस अभी पूरी तरह विदा नहीं हुआ है। आंध्र प्रदेश में अचानक कोरोना के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
राज्य में पिछले 20 दिनों के भीतर कोरोना के 13 नए मामले सामने आ चुके हैं। सबसे ज्यादा चिंताजनक स्थिति कडप्पा जिले की है, जहां अकेले 8 संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके अलावा संक्रमण की वजह से राज्य में अब तक चार लोगों की मौत भी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, गुंटूर में तीन, विशाखापट्टनम में एक और काकीनाडा में एक कोरोना केस दर्ज किया गया है। वहीं कृष्णा जिले की एक संक्रमित महिला का इलाज एम्स (AIIMS) में चल रहा है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने अस्पतालों में टेस्टिंग तेज करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम जल्द ही इस स्थिति को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर सकते हैं। डॉक्टरों के अनुसार, जिन चार मरीजों की जान गई है, वे पहले से ही अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। संक्रमित मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे की नेशनल लैब में भेजे गए हैं।
आंध्र प्रदेश में मामले बढ़ने से पड़ोसी राज्य ओडिशा भी हुआ सतर्क
आंध्र प्रदेश में कोरोना का ग्राफ बढ़ने से पड़ोसी राज्य ओडिशा भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने स्थिति का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है।
ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग ने बयान जारी कर जनता से मास्क पहनने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों से बचने की अपील की है। राज्य सरकार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है और केंद्र के सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कर रही है।

