Ambala News: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने हरियाणा के अंबाला में हुए आईईडी कार बम धमाके के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने पाकिस्तानी मूल के आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी सहित आठ आरोपियों के खिलाफ पंचकूला की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह विस्फोट बलदेव नगर पुलिस थाने की पार्किंग में हुआ था।
जांच एजेंसी के अनुसार पाकिस्तानी नागरिक शहजाद भट्टी ने भारत के पुलिस थानों को निशाना बनाने के लिए एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया था। भट्टी ने सोशल मीडिया और गुप्त मैसेजिंग ऐप्स के माध्यम से स्थानीय भारतीय युवकों को गुमराह किया। उसने युवाओं का ब्रेनवॉश करके इस खतरनाक आतंकी मॉड्यूल में शामिल किया था।
गैस सिलेंडरों से लदी कार से किया था धमाका
एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने कई जगहों की रेकी करने के बाद अंबाला के पुलिस थाने को चुना। आरोपी करमजीत और उसके साथियों ने गैस सिलेंडरों से भरी एक कार को थाने के पार्किंग एरिया में खड़ा कर दिया था। इस आतंकी वारदात के बाद आरोपियों ने वीडियो भी बनाया था।
जांच एजेंसी की इस चार्जशीट में मुख्य साजिशकर्ता शहजाद भट्टी के अलावा करमजीत सिंह उर्फ टोनी और आकाश का नाम शामिल है। इसके साथ ही सौरब उर्फ सोबी, रमन कुमार, सत्यम, सुखदेव सिंह उर्फ सुखा और अमरजीत सिंह उर्फ अंबी को भी इस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है।

