Nuh News: हरियाणा के सुखपुरी गांव में खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला पर सियार (गीदड़) ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान महिला और सियार के बीच करीब 10 मिनट तक खूनी संघर्ष चला। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को बचाकर सियार को मार गिराया।
मिली जानकारी के अनुसार, 64 वर्षीय हसनबरी सुबह करीब साढ़े 10 बजे शिकरावा-भादस रोड के पास स्थित खेतों में काम कर रही थीं। जब वह पशुओं के लिए चारा काट रही थीं, तभी वहां पहले से छिपे बैठे जंगली सियार ने उन पर अटैक कर दिया और उनका बायां हाथ दबोच लिया।
बिना डरे दरांती से किया वाइल्ड एनिमल पर पलटवार
इस अचानक हुए हमले से बिना घबराए बुजुर्ग महिला ने अपने दाएं हाथ में पकड़ी दरांती से सियार पर पलटवार किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर काम कर रहे बनारसी गांव के लोग तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके पर रेस्क्यू के लिए दौड़े।
जब तक स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला लगातार खुद को बचाने के लिए सियार से मुकाबला करती रही। इसके बाद वहां जमा हुए ग्रामीणों ने महिला की जान बचाने के लिए सियार को लाठियों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
घायल महिला का हॉस्पिटल में चल रहा है इलाज
इस भयानक हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं। परिजनों ने उन्हें तुरंत पास के हॉस्पिटल में एडमिट कराया, जहां डॉक्टर्स की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अब महिला की स्थिति खतरे से बाहर है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

