Sirsa News: मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों और निर्वाचन कर्मचारियों से दुर्व्यवहार की शिकायतों को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह सख्त हो गया है। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कर्मचारी घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने फार्म जमा करवाएं। इस महत्वपूर्ण फार्म को जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है।
सरकारी कार्य में बाधा डालने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का बिल्कुल सही और अपडेट होना बेहद जरूरी है। 10 जुलाई को ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-73, गांव नाथूसरी चौपटा में ड्यूटी पर तैनात बीएलओ और उनके सहायक के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया था।
इस घटना के बाद जिला निर्वाचन प्रशासन और स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

