Entertainment News: मशहूर अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति और बिजनेसमैन मोहसिन अख्तर को दोबारा अपना सच्चा प्यार मिल गया है। उन्होंने निधा भट्ट के साथ एक बेहद निजी समारोह में गुपचुप तरीके से निकाह कर लिया है। इस अचानक हुई शादी की खबर से फिल्म जगत में सनसनी फैल गई है।
मोहसिन अख्तर ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर ईश्वर का आभार जताया। उन्होंने अपने भावुक नोट में लिखा कि अल्लाह की लिखी कहानी हमेशा सबसे बेहतर होती है और सही वक्त पर बेहतरीन तोहफा मिलती है।
सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर नई पत्नी को कहा शुक्रिया
मोहसिन ने अपनी दूसरी पत्नी की सच्चाई और सादगी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि सच्चे प्यार और सब्र से रूह पाक होती है। निधा भट्ट ने उनके जीवन में दोबारा खुशियों की रोशनी भर दी है, जिसके लिए वे अपनी बेगम के हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे।
इससे पहले मोहसिन की शादी बॉलीवुड की जानी-मानी स्टार उर्मिला मातोंडकर से हुई थी। दोनों के वैवाहिक जीवन में अनबन की खबरें वर्ष 2024 की शुरुआत में सामने आई थीं। इसके बाद उर्मिला ने सितंबर 2024 में मुंबई की एक अदालत में आधिकारिक रूप से तलाक की अर्जी दाखिल की थी।
उम्र के दस साल के बड़े फासले के कारण चर्चा में थी पहली शादी
इस पूर्व जोड़े ने चार फरवरी 2016 को एक बेहद निजी पारिवारिक समारोह में शादी रचाई थी। दो अलग-अलग धर्मों से जुड़े होने और उम्र में दस साल का बड़ा अंतर होने की वजह से यह निकाह काफी सुर्खियों में रहा था। शादी के वक्त उर्मिला बयालीस और मोहसिन बत्तीस साल के थे।
कश्मीर के रहने वाले मॉडल और कारोबारी मोहसिन की उर्मिला से पहली मुलाकात वर्ष 2014 में हुई थी। दोनों मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भतीजी की शादी में मिले थे। वर्ष 2016 में हुए उनके विवाह में भी मनीष मल्होत्रा मुख्य रूप से शामिल हुए थे।
चाइल्ड आर्टिस्ट से सुपरस्टार बनने तक उर्मिला का शानदार फिल्मी सफर
उर्मिला मातोंडकर ने हिंदी सिनेमा में बाल कलाकार के तौर पर अपने अभिनय सफर की शुरुआत फिल्म मासूम से की थी। इसके बाद उन्होंने रंगीला, जुदाई, सत्या और भूत जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में दमदार अभिनय करके फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक अमिट और खास पहचान स्थापित की थी।
दस साल तक चले लंबे रिश्ते के अचानक टूटने से प्रशंसक काफी हैरान थे। अब मोहसिन अख्तर के इस नए सफर की शुरुआत पर सोशल मीडिया पर लोग लगातार मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। उर्मिला मातोंडकर इस समय अपने करियर और सामाजिक कार्यों में पूरी तरह व्यस्त हैं।
Reported By: Manisha Thakur


