Maharashtra News: सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई सूर्यकांत की युवाओं पर टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर बड़ा सियासी भूचाल आ गया है। इंटरनेट पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) की आधिकारिक वेबसाइट को अब पूरी तरह बंद कर दिया गया है। भारत में इसका एक्स हैंडल पहले ही प्रतिबंधित हो चुका है।
सीजेपी वेबसाइट बंद होने पर संस्थापक अभिजीत दिपके ने क्या कहा?
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया कि उनके निजी इंस्टाग्राम अकाउंट को भी हैक कर लिया गया है। उन्होंने वेबसाइट ‘cockroachjantaparty.org’ को बंद करने की कार्रवाई को तानाशाही करार दिया। दिपके के मुताबिक इस डिजिटल मंच के माध्यम से अब तक करीब 10 लाख लोग उनके साथ पंजीकरण करा चुके थे।
वेबसाइट के जरिए करीब 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद पर बने रहने का विरोध किया था। युवाओं ने नीट पेपर लीक मामले में विफलता का आरोप लगाते हुए उनका इस्तीफा मांगा था। दिपके ने सोशल मीडिया पर सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए युवाओं से एकजुट होने की अपील की है।
इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की रेस में भाजपा और कांग्रेस को पछाड़ा
शनिवार रात तक इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स का आंकड़ा चौंकाने वाला रहा। इस नए मंच के फॉलोअर्स की संख्या 2.2 करोड़ से अधिक हो गई है। इसकी तुलना में भारतीय जनता पार्टी के 92 लाख और कांग्रेस के करीब 1 करोड़ 34 लाख फॉलोअर्स ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं।
संस्थापक दिपके को मिली धमकी के बाद घर पर पुलिस तैनात
हिंगोली जिले के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिपके के घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात किया गया है। अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद को मिली जान से मारने की धमकी का स्क्रीनशॉट भी साझा किया था।
डिजिटल प्लेटफॉर्म बंद होने के बाद समर्थकों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। हालांकि दिपके ने सभी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलन को बदनाम करने का मौका ढूंढ रही है, इसलिए किसी भी झांसे में आने से बचना होगा।
Author: Sachin Kulkarni


