Delhi-NCR News: लोनी के बॉर्डर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ बेहटा नहर किनारे स्थित दयाराम फार्महाउस के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक 23 वर्षीय युवक के साथ पहले जमकर मारपीट की और फिर उसके सीने में गोली मार दी।
इस जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर अपनी बाइकों पर सवार होकर मौके से तुरंत फरार हो गए। घायल युवक के दोस्तों ने घटना की सूचना उसके परिवार को दी और उसे दिल्ली के जीटीबी (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया।
दोस्तों के साथ बैठे युवक पर बदमाशों ने किया अचानक हमला
घायल युवक की पहचान तिलक राम कॉलोनी निवासी रीतिक के रूप में हुई है। रीतिक के पिता सुनील कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे उनका बेटा रीतिक अपने दोस्त तुषार, मयंक, दीपक, यश और उमंग के साथ नहर किनारे बैठा हुआ था।
तभी अचानक दो बाइकों पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। पीड़ित परिवार के अनुसार, बाइकों पर आए लड़कों की पहचान अंकित तोमर, सूरज धामा और प्रिंस के रूप में हुई है। इन तीनों ने आते ही रीतिक के साथ बिना किसी वजह के गाली-गलौज और विवाद करना शुरू कर दिया।
गाली-गलौज का विरोध करने पर निकाली बंदूक और मारी गोली
जब रीतिक और उसके दोस्तों ने इस बेवजह की गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी हाथापाई के बीच आरोपी सूरज धामा ने अपने पास छिपाकर रखा हुआ अवैध तमंचा निकाल लिया और सीधे रीतिक के सीने पर तानकर गोली चला दी।
गोली लगते ही रीतिक लूलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अमर दीप मौर्य ने बताया कि पीड़ित पिता की लिखित तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।

