थाची के जंगल में घायल मिली महिला, पहले तेंदुए का हमला समझा, होश आते ही खुला सनसनीखेज राज

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के थाची क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पहले इसे तेंदुए का हमला माना गया, लेकिन होश आने के बाद महिला ने बड़ा खुलासा किया। महिला ने बताया कि उस पर किसी व्यक्ति ने हमला किया और उसे खाई में फेंक दिया था।

जानकारी के अनुसार टिकमु देवी मंगलवार को अपने मायके गांव गांणण में गेहूं काटने गई थी। शाम करीब सात बजे वह गागण जंगल के रास्ते घर लौट रही थी। इसी दौरान जंगल से बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े।

- Advertisement -

जंगल में मिले खून के निशान और सामान

समाजसेवी बलदेव बंटी सराजी ने बताया कि सबसे पहले महिला का दुपट्टा और जूते मिले। रास्ते में खून के निशान भी दिखाई दिए। जंगल में अक्सर तेंदुए की मौजूदगी रहती है। इसी वजह से लोगों को लगा कि महिला पर किसी जंगली जानवर ने हमला किया है।

ग्रामीणों ने करीब दो से तीन घंटे तक कठिन इलाके में महिला की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद महिला गहरी खाई के पास घायल हालत में मिली। वहां पहुंचना बेहद मुश्किल था। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और महिला को प्राथमिक उपचार के लिए नगवाईं अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान महिला ने किया बड़ा खुलासा

नंगवाई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान जब महिला को होश आया तो उसने चौंकाने वाला बयान दिया। महिला ने कहा कि उस पर किसी जंगली जानवर ने नहीं, बल्कि एक व्यक्ति ने हमला किया था।

महिला के अनुसार आरोपी ने उसे जान से मारने की कोशिश की और बाद में खाई में फेंक दिया। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच गई। महिला के इस बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस अब इसे आपराधिक हमला मानकर जांच कर रही है।

पुलिस अब दोबारा दर्ज करेगी बयान

पुलिस प्रभारी औट गगन कुमार ने बताया कि शुरुआती एमएलसी रिपोर्ट में परिजनों ने बाघ के हमले की बात कही थी। अब महिला के नए बयान के बाद पुलिस दोबारा बयान दर्ज करेगी। साथ ही मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी ताकि हमलावर तक जल्द पहुंचा जा सके।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों को भी खंगाला जा रहा है। महिला की हालत फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में बनी हुई है।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles