Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले के बहुचर्चित अफीम घोटाले में विशेष जांच दल (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। हिसार एसआईटी ने केस के मुख्य आरोपी और बर्खास्त एएसआई रणबीर सिंह की निशानदेही पर उसी ट्रक से 10 किलोग्राम अतिरिक्त अफीम बरामद की है। इस नई बरामदगी के बाद अब कुल जब्त अफीम की मात्रा करीब एक क्विंटल पहुंच गई है।
आरोपी पुलिसकर्मी ने अफीम हड़पने के लिए रचा था बड़ा खेल
सिरसा पुलिस ने पहले इस ट्रक से करीब 89 किलो अफीम पकड़ी थी। शुरुआती जांच डिंग थाना के तत्कालीन एएसआई रणबीर सिंह को दी गई थी। एसआईटी जांच में सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने ट्रक की पूरी चेकिंग नहीं की थी। उसने बची हुई अफीम को खुद बेचने और भारी मुनाफा कमाने की योजना बनाई थी
एसआईटी प्रभारी मयंक मुदगिल के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के पुलिस रिमांड के दौरान दोबारा गहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ड्राइवर की सीट के नीचे बने गुप्त बॉक्स से यह 10 किलो अतिरिक्त अफीम बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस पूरी अफीम की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
फतेहाबाद पुलिस की जांच में ऐसे खुली खाकी की पोल
इस बड़े ड्रग स्कैंडल का खुलासा तब हुआ जब फतेहाबाद पुलिस ने शमशेर सिंह नाम के एक बड़े तस्कर को अफीम के साथ गिरफ्तार किया। तस्कर ने पूछताछ में बताया कि उसे यह अफीम किसी और ने नहीं बल्कि सिरसा के जांच अधिकारी रणबीर सिंह ने दी थी। आरोपी एएसआई ने कोर्ट परिसर में ही अफीम का सौदा किया था।
मामला सामने आते ही सिरसा के एसपी ने तुरंत कड़ा एक्शन लेते हुए दागी एएसआई रणबीर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। अब अदालत ने आरोपी का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया है। एसआईटी का मानना है कि इस बड़े खेल में पुलिस महकमे के कुछ अन्य कर्मचारी और बड़े चेहरे भी शामिल हो सकते हैं।

