Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बड़ा ही दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां शनि बाजार के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बस ने एलकेजी में पढ़ने वाली छह साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया। इस हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक बच्ची की पहचान सरस्वती कॉलोनी निवासी महेश की बेटी काव्या के रूप में हुई है। पल्ला थाना पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर को काव्या अपनी मां का हाथ पकड़कर चाची के घर जाने के लिए निकली थी। जब दोनों शनि बाजार के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था ड्राइवर
परिजनों ने बस ड्राइवर पर लापरवाही का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के वक्त बस चालक ड्राइविंग के दौरान अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। फोन पर ध्यान होने के कारण वह सड़क पार कर रही बच्ची को नहीं देख सका और बस उसके ऊपर चढ़ा दी।
गुस्साए परिजनों का यह भी आरोप है कि हादसे की सूचना देने के काफी देर बाद लोकल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके अलावा पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए न तो आरोपी ड्राइवर को अरेस्ट किया और न ही दुर्घटना करने वाली बस को अपने कब्जे में लिया, जिससे लोगों में रोष फैल गया।
शव को एंबुलेंस में रखकर परिजनों ने थाने के बाहर जताया विरोध
हादसे के बाद गुस्साए परिजन और भारी संख्या में स्थानीय लोग बच्ची के शव को एंबुलेंस में लेकर सीधे पल्ला थाने पहुंच गए। थाने के बाहर लोगों ने पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में सीनियर पुलिस ऑफिसर्स के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृत बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और गाड़ी को ट्रेस करने के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

