Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग 154 ए पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ गैहरा के समीप चलती बस के अंदर अचानक एक भारी भरकम चट्टान आ घुसी। इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
शिव मंदिर में पूजा के बाद लौट रहे थे सभी ग्रामीण
हादसे का शिकार हुए सभी लोग भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी शिव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान पूरा करके वापस अपने गांव लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बत्ती की हट्टी के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। एक विशाल पत्थर बस का पिछला शीशा तोड़कर अंदर जा घुसा।
हादसे में घायल सभी लोग एक ही गांव के निवासी
चट्टान गिरने से बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और सीटें पूरी तरह चकनाचूर हो गईं। मृतक की पहचान गरेड़ गांव निवासी साहिल ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं घायलों में कार्तिक ठाकुर, गुड्डू देवी, बिंता, गिलमा देवी और चालक कुलविंदर सिंह शामिल हैं। यह सभी लोग गरेड़ गांव के ही रहने वाले हैं।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तुरंत अन्य गाड़ियों की मदद से सभी छह घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। हालांकि, रास्ते में ही एक गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने दी मामले की विस्तृत जानकारी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि भरमौर से चंबा आ रही बस पर पहाड़ी से भारी पत्थर गिरे थे। इस दुर्घटना में पांच घायलों का इलाज चंबा के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

