Delhi News: सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 12वीं कक्षा के छात्रों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे आज रात मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पोर्टल की तकनीकी खामियां दूर करेंगे आईआईटी विशेषज्ञ
सीबीएसई पोर्टल पर छात्रों को फॉर्म भरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कहीं फीस अधिक कट रही थी तो कहीं कम पैसे जमा हो रहे थे। इस गंभीर समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने अब आईआईटी और सार्वजनिक क्षेत्र के सरकारी संस्थानों के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बोर्ड से मांगी रिपोर्ट
अभिभावकों की शिकायतों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सरकार ने डिजिटल ढांचे को मजबूत करने के लिए आईआईटी मद्रास और आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों की मदद ली है। इसके साथ ही देश के चार बड़े सरकारी बैंकों को भी इस काम में जोड़ा गया है।
पेमेंट गेटवे और सर्वर डाउन से छात्र परेशान
आवेदन करने वाले छात्रों को पोर्टल पर सर्वर डाउन, अकाउंट लॉग इन और धुंधली स्कैन कॉपियों जैसी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और इंडियन बैंक मिलकर सीबीएसई के पेमेंट गेटवे और पोस्ट एग्जामिनेशन सर्विस पोर्टल को मजबूत बनाने का काम करेंगे।
रीचेकिंग के बाद दोबारा आवेदन का मौका
आज 25 मई तक आवेदन करने वाले छात्रों को उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी ऑनलाइन भेजी जाएगी। इस कॉपी को देखने के बाद यदि छात्र को कोई गड़बड़ी मिलती है, तो वे अगले दो दिनों के भीतर दोबारा अंतिम पुनर्मूल्यांकन यानी री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के लिए आसानी से नया आवेदन कर सकेंगे।
Author: Rashmi Sharma


