एक किलो आम की कीमत में आ जाएंगे 4 iPhone! जानिए दुनिया के इस सबसे महंगे और रसीले फल की पूरी कहानी

Delhi News: आम को यूं ही फलों का राजा नहीं कहा जाता है. दुनिया में इसकी कुछ ऐसी दुर्लभ किस्में भी मौजूद हैं, जिनकी कीमत किसी प्रीमियम गैजेट या डिजाइनर घड़ी से भी ज्यादा है. अपने अनोखे स्वाद, बेहद सीमित उत्पादन और उगाने के बेहद कठिन तरीकों की वजह से ये आम पूरी दुनिया में लग्जरी फूड बन चुके हैं.

इस फेहरिस्त में सबसे पहला नाम जापान के मियाजाकी आम का आता है. मियाजाकी को मौजूदा समय में दुनिया का सबसे महंगा आम माना जाता है. जापान के मियाजाकी प्रांत में बहुत ही नियंत्रित और विशेष परिस्थितियों में इसकी खेती की जाती है. यह आम अपने गहरे लाल रंग, लाजवाब रसीलेपन और बेमिसाल मिठास के लिए जाना जाता है.

कीमत सुनकर उड़ जाएंगे होश

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खास मियाजाकी आम की कीमत 2.5 लाख रुपये से लेकर 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक होती है. किसी खास प्रीमियम नीलामी में तो इसकी कीमत आसमान छू जाती है. आज के समय में एक आईफोन 16 की कीमत करीब 70,000 रुपये है, यानी एक किलो आम के दाम में आप आसानी से चार आईफोन खरीद सकते हैं.

जापान के इस अनोखे और बेहद खूबसूरत आम को ‘सूरज का अंडा’ भी कहा जाता है. इसके पीछे की वजह इसका चमकीला लाल रंग और जादुई स्वाद है. इस आम के इतने महंगे होने के पीछे कई बड़े कारण हैं. इसमें बिक्री से पहले होने वाली बेहद कड़ी क्वालिटी जांच और हर मौसम में इसका बहुत ही सीमित उत्पादन शामिल है.

नेट बांधकर होती है अनोखी खेती

मियाजाकी आम को उगाने के लिए नियंत्रित धूप और सटीक तापमान की जरूरत होती है. इस आम में मिठास का स्तर 15 प्रतिशत या उससे अधिक होना अनिवार्य है. खेती के दौरान हर एक आम को जाली से लपेटा जाता है. जब आम पककर पेड़ से गिरता है, तो नेट की वजह से उसे थोड़ा सा भी नुकसान नहीं पहुंचता है.

जापान में ही ताइयो नो तामागो नाम की एक और शानदार किस्म होती है. कड़े मानकों पर खरा उतरने के बाद ही आम को यह नाम मिलता है. प्रीमियम फल दुकानों में इसकी कीमत 1.5 लाख से 2 लाख रुपये प्रति दर्जन तक जाती है. जापान में इन महंगे आमों को खास मौकों पर तोहफे में देने का बड़ा चलन है.

भारत के इन आमों का भी है जलवा

भारत में भी आम की कई बेहद महंगी और शाही किस्में पाई जाती हैं. मध्य प्रदेश के अलीराजपुर का ‘नूरजहां’ आम अपने विशाल आकार के लिए प्रसिद्ध है. इसके एक आम का वजन ही 2 से 3 किलो तक होता है. सीमित उत्पादन के कारण इसके सिर्फ एक आम की कीमत 500 से 1,500 रुपये तक होती है.

वहीं महाराष्ट्र के रत्नागिरी का ‘अल्फांसो’ या हापुस आम अपनी बेहतरीन खुशबू और मखमली स्वाद के लिए दुनिया भर में मशहूर है. बाजार में प्रीमियम-ग्रेड अल्फांसो आम की कीमत 1,200 से 2,200 रुपये प्रति दर्जन तक रहती है. इसका विशेष जीआई (GI) टैग और सीमित उपलब्धता इसकी लोकप्रियता और कीमत को लगातार बढ़ाती है.

Author: Karuna Sen

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories