Business News: टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली ऑनलाइन ग्रॉसरी रिटेलर कंपनी बिगबास्केट में एक बहुत बड़ा फेरबदल हुआ है। कंपनी के को-फाउंडर और लंबे समय से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद संभाल रहे हरि मेनन ने इस्तीफा दे दिया है। उनके पद छोड़ते ही कंपनी ने तुरंत नए सीईओ के नाम की घोषणा कर दी है।
बिगबास्केट की कमान अब अनुभवी प्रोफेशनल अमित नंदा के हाथों में सौंप दी गई है। अमित नंदा इससे पहले दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया में सेलिंग पार्टनर सर्विसेज के डायरेक्टर पद पर कार्यरत थे। वे अमेजन में 11 साल से ज्यादा समय तक कई महत्वपूर्ण लीडरशिप भूमिकाएं निभा चुके हैं।
लीडरशिप टीम को मजबूत करने में जुटा टाटा ग्रुप
क्विक कॉमर्स और ऑनलाइन ग्रॉसरी सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच टाटा ग्रुप अपनी इस कंपनी को मुनाफे की ओर ले जाना चाहता है। यही वजह है कि बिगबास्केट अपनी लीडरशिप टीम को लगातार मजबूत कर रहा है। इसी महीने की शुरुआत में कंपनी ने सेशु कुमार तिरुमाला को अपना चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया था।
इससे पहले अप्रैल महीने में कंपनी ने अर्पित जायसवाल को चीफ ग्रोथ ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी थी। नए बदलावों के साथ बिगबास्केट का मुख्य ध्यान आने वाले समय में क्विक कॉमर्स सेगमेंट में अपनी पकड़ को और ज्यादा मजबूत करना और मुनाफे के साथ बिजनेस को आगे बढ़ाना है।
सीईओ बनाए जाने के बाद क्या बोले अमित नंदा?
बिगबास्केट के नए सीईओ अमित नंदा ने इस जिम्मेदारी को मिलने पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वे बिगबास्केट से जुड़ने और भारतभर के लाखों ग्राहकों के बीच कंपनी द्वारा बनाए गए जबरदस्त भरोसे को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी तरह उत्साहित हैं।
अमित नंदा ने आगे कहा कि बिगबास्केट की ‘कस्टमर फर्स्ट’ यानी ग्राहक को सबसे पहले रखने वाली सोच और टाटा ग्रुप की भरोसेमंद विरासत का यह मेल भविष्य के लिए एक बहुत मजबूत आधार तैयार करता है। वे कंपनी के विकास के अगले चरण का सफल नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।
विदाई पर क्या बोले को-फाउंडर हरि मेनन?
कंपनी के को-फाउंडर हरि मेनन ने नए सीईओ का स्वागत करते हुए कहा कि बिगबास्केट को शुरू से लेकर भारत का सबसे भरोसेमंद कंज्यूमर प्लेटफॉर्म बनाने का सफर शानदार रहा है। उन्हें अमित नंदा का बतौर सीईओ स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है।
हरि मेनन का मानना है कि ई-कॉमर्स सेक्टर में अमित नंदा का लंबा अनुभव और बिजनेस को बढ़ाने का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड बिगबास्केट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। आपको बता दें कि हरि मेनन और विपुल पारेख कंपनी के बोर्ड में बने रहेंगे और नई लीडरशिप टीम का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
Author: Rajesh Kumar


