Delhi News: देश में महंगाई के मोर्चे पर आज यानी पहली जुलाई को बड़ी राहत मिली है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी कटौती करने का फैसला लिया है। दिल्ली से लेकर पटना तक नए रेट्स जारी कर दिए गए हैं।
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में सीधे 183.50 रुपये की बड़ी कटौती की है। इस फैसले के बाद राजधानी दिल्ली में व्यावसायिक इस्तेमाल वाले सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर अब 2930 रुपये के स्तर पर आ गई है।
इस साल यानी चालू वर्ष में यह पहली बार है जब कमर्शियल सिलेंडर के दाम कम किए गए हैं। इससे पहले पिछले छह महीनों से इसमें लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें जस की तस बनी हुई हैं।
कोलकाता, लखनऊ और पटना समेत विभिन्न शहरों के ताजा भाव
इंडियन ऑयल द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर अब 3236 रुपये के बजाय 3052.5 रुपये में मिलेगा। वहीं लखनऊ में घरेलू इस्तेमाल वाला लाल रसोई गैस सिलेंडर पुराने रेट 979.50 रुपये पर ही स्थिर बना हुआ है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आज से कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3255.50 रुपये की जगह 3081.50 रुपये तय की गई है। बिहार की राजधानी पटना में 19 किलो वाला सिलेंडर 3227 रुपये का मिलेगा। लेह में इसके दाम अब 3594.50 रुपये हो गए हैं।
पिछले छह महीनों में कमर्शियल गैस की कीमतों का पूरा गणित
बिजनेस सेक्टर के लिए यह राहत बेहद अहम है, क्योंकि दिसंबर से अब तक कीमतें लगातार बढ़ रही थीं। पिछले साल दिसंबर में दिल्ली में इसकी कीमत 1580.50 रुपये थी। इसके बाद जनवरी में यह बढ़कर 1691.50 रुपये और फरवरी में 1740.50 रुपये पर पहुंच गई थी।
मार्च महीने में इसकी कीमत में 28 रुपये की मामूली वृद्धि हुई और दरें 1768.50 रुपये हो गईं। इसके तुरंत बाद सात मार्च को फिर रेट संशोधित हुए और यह 1883 रुपये का हो गया। अप्रैल महीने की शुरुआत में इसकी कीमत बढ़कर 2078.50 रुपये तक जा पहुंची थी।
मई के महीने में तेल कंपनियों ने ऐतिहासिक रूप से 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की थी। इस वजह से दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर सीधे 3071.50 रुपये का हो गया था। जून में भी 42 रुपये का अतिरिक्त बोझ डाला गया, जिससे कीमत 3,113.50 रुपये हो गई थी।
घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में नहीं हुआ बदलाव
आम जनता के घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम आज नहीं बदले हैं। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर का भाव 942 रुपये पर स्थिर है। इससे पहले मार्च में इसके दाम 60 रुपये बढे थे, जिससे रेट 913 रुपये हुए थे।
इसके बाद जून महीने में घरेलू सिलेंडर की कीमतों में फिर से 29 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इस तरह चालू वर्ष में अब तक आम उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है, जिससे आज कोई राहत नहीं मिली है।

