“अब पेट्रोल का चेहरा भी नहीं देखना…” नितिन गडकरी के इस बड़े एलान से हिला ऑटोमोबाइल सेक्टर, जानिए सरकार का पूरा मास्टरप्लान

Auto News: भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर और ऊर्जा सुरक्षा के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। देश को महंगे और प्रदूषण फैलाने वाले कच्चे तेल के आयात से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार ने ‘फ्लेक्स-फ्यूल मोबिलिटी’ की तरफ अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक कदम उठा दिया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एलान किया है कि मारुति सुजुकी, टाटा, महिंद्रा और टोयोटा समेत देश की 12 बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियां बहुत जल्द 100% इथेनॉल (E100) से चलने वाले वाहनों को बड़े पैमाने पर बाजार में लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

इस ऐतिहासिक घोषणा के साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने साफ शब्दों में कहा, “अब हमको पेट्रोल का चेहरा ही नहीं देखना है।” सरकार का यह आक्रामक रुख साफ संकेत देता है कि आने वाले समय में देश के भीतर पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता को पूरी तरह खत्म करने की तैयारी कर ली गई है।

‘अन्नदाता’ अब बनेगा ‘ईंधनदाता’: ग्रामीण अर्थव्यवस्था में आएगा बड़ा उछाल

नितिन गडकरी ने इस नए विजन को देश के सामने रखते हुए कहा कि भारत अपनी जरूरत का लगभग 87 प्रतिशत पेट्रोल-डीजल और गैस दूसरे देशों से आयात करता है। इससे न केवल देश का लाखों-करोड़ रुपया बाहर जाता है, बल्कि हमारे शहरों में प्रदूषण का ग्राफ भी खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है।

गडकरी ने कहा, “हमने अपने किसानों को केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जा दाता और अब ‘ईंधनदाता’ बना दिया है।” गन्ने, मक्के और चावल के भूसे (बायोमास) से बनने वाला इथेनॉल अब सीधे गाड़ियों के इंजन को रफ्तार देगा, जिससे देश का पैसा सीधे देश के किसानों की जेब में जाएगा।

मारुति और हीरो ने चली पहली चाल, शुरू हुआ ‘फ्लेक्स-फ्यूल’ का सफर

इस महा-अभियान की धमाकेदार शुरुआत भी हो चुकी है। हाल ही में राजधानी दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया गोज़ फ्लेक्स’ इवेंट के दौरान मारुति सुजुकी ने देश की पहली मास-मार्केट फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार, WagonR Flex-Fuel को खुद नितिन गडकरी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में अनवील किया।

यह कार E20 से लेकर शुद्ध 100% इथेनॉल (E100) पर आसानी से दौड़ सकती है। सिर्फ कारें ही नहीं, दोपहिया वाहनों की दुनिया में भी क्रांति आ चुकी है। हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी सबसे लोकप्रिय बाइक्स Splendor+ और HF Deluxe के फ्लेक्स-फ्यूल वेरिएंट्स से पर्दा उठा दिया है।

क्या बंद होने वाले हैं देश के पेट्रोल पंप? जानिए क्या है सरकार का मास्टरप्लान

कच्चे तेल पर निर्भरता को पूरी तरह खत्म करने के लिए सरकार सिर्फ गाड़ियां ही नहीं, बल्कि ईंधन का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर बदलने जा रही है। सरकार के इस कदम से सबसे बड़ा सस्पेंस इस बात को लेकर है कि क्या पारंपरिक पेट्रोल पंप बंद हो जाएंगे? ऐसा बिल्कुल नहीं होने वाला है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक, सरकार देश के प्रमुख शहरों में 100% इथेनॉल के विशेष फ्यूल स्टेशन स्थापित कर रही है। देश में इथेनॉल स्टेशनों की संख्या को जल्द ही 500 और आने वाले सालों में बढ़ाकर 5,000 तक करने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।

₹1.44 लाख करोड़ की महा-बचत और प्रदूषण मुक्त भारत का सपना

यदि देश में बिकने वाले नए दोपहिया और चार पहिया वाहनों में से 50% भी फ्लेक्स-फ्यूल पर शिफ्ट हो जाते हैं, तो इससे भारत को ₹1.44 लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा की सीधी बचत होगी। इसके अलावा, इथेनॉल के जलने पर कार्बन उत्सर्जन बेहद कम होता है, जिससे प्रदूषण से बड़ी राहत मिलेगी।

Karan Kumar

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories