यूपी-बिहार से दिल्ली तक मानसून का नया अपडेट: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर, जानें आपके शहर में कब होगी झमाझम बारिश!

Weather News: उत्तर भारत में तेज गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। बीच-बीच में हो रही हल्की फुहारों के बाद दोबारा चलने वाली लू झुलसा रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 को लेकर एक बहुत बड़ा और राहत भरा अपडेट जारी किया है।

इन राज्यों में 23 जून तक दस्तक देगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार केरल में 4 जून को दस्तक देने के बाद मानसून अब अपनी तय रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में यह मध्य भारत के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। अनुमान है कि 23 जून तक मानसून तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों को कवर कर लेगा।

इन राज्यों में मानसून के आगे बढ़ने से प्री-मानसून गतिविधियों में भारी तेजी आएगी। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में पूर्वी हवाओं के कारण उमस भरा मौसम रहेगा। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की पूरी संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में इस तारीख को होगी पहली मानसूनी बारिश

दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को मानसूनी बारिश के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में दस्तक दे सकता है। दिल्ली में मानसून के आगमन की सामान्य तारीख 27 जून मानी जाती है।

मौसम विभाग का कहना है कि इस बार भी मानसून अपनी तय समय सीमा के आसपास ही आगे बढ़ रहा है। दिल्ली को सराबोर करने के बाद यह मानसूनी हवाएं हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर को पार करते हुए उत्तराखंड की ऊंची पहाड़ियों की तरफ तेजी से आगे बढ़ेंगी।

आज कैसा रहेगा देश की राजधानी का मौसम?

आज यानी 18 जून को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर या शाम के समय कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। आज तेज गति से पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने से गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज धूल भरी आंधी और छिटपुट वर्षा की संभावना है। पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को आकाशीय बिजली से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

Author: Shilla Bhatia

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories