पटना में सनसनी: अस्पताल की 5वीं मंजिल से संदिग्ध हालत में गिरा ITBP का दरोगा, आइसक्रीम फैक्ट्री में मिला शव

Patna News: बिहार की राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां के इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित एशियन सिटी अस्पताल की पांचवीं मंजिल से गिरकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक सब-सिस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

दरोगा का खून से लथपथ शव अस्पताल के ठीक बगल में स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री के कैंपस से बरामद किया गया है। इस भयानक घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय दीघा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।

मृतक जवान की पहचान 44 वर्षीय विजय सिंह के रूप में की गई है। वे मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले थे। विजय सिंह आईटीबीपी के टेलीकॉम विभाग में सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान समय में उनकी पोस्टिंग बिहार के ही सारण जिले के जलालपुर कैंप में थी।

गंभीर बीमारी के चलते अस्पताल में थे भर्ती

गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सब-इंस्पेक्टर विजय सिंह को बीते तीन जून को बेहतर उपचार के लिए पटना के एशियन सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज फुलवारीशरीफ के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा था, जहां हालत में सुधार न होने पर उन्हें यहां रेफर किया गया था।

दीघा थाना के एएसएचओ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पटना पहुंचने के बाद ही उनके बयान के आधार पर पूरे मामले में और भी अहम जानकारियां मिल सकेंगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

एसडीपीओ लॉ एंड ऑर्डर टू दिव्यांजली ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आईटीबीपी के कमांडेंट से पुलिस को इनपुट मिले हैं। कमांडेंट के अनुसार सब-इंस्पेक्टर विजय सिंह पिछले काफी समय से एक गंभीर और मानसिक तनाव देने वाली बीमारी से ग्रसित थे, जिसका इलाज चल रहा था।

वॉशरूम गए और अंदर से लगा लिया लॉक

अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त विजय सिंह अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने वॉशरूम में गए थे। बताया जा रहा है कि वॉशरूम का दरवाजा अंदर से पूरी तरह लॉक था। इसी बीच अचानक पांचवीं मंजिल से किसी के नीचे गिरने की बेहद जोरदार आवाज आई।

यह भयानक आवाज सुनकर आसपास के लोग और अस्पताल के सुरक्षाकर्मी तुरंत उस दिशा में दौड़े। वहां जाकर देखा तो विजय सिंह का शव बगल की आइसक्रीम फैक्ट्री के परिसर में पड़ा था। पांचवीं मंजिल की अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी।

चौंकाने वाली बात यह है कि विजय सिंह को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी (डिस्चार्ज) मिलने वाली थी। अस्पताल में उनकी चौबीसों घंटे देखभाल के लिए आईटीबीपी का एक अन्य जवान भी तैनात था। विजय सिंह उस साथी जवान को वॉशरूम जाने की बात कहकर ही बेड से उठे थे।

खुदकुशी या कोई बड़ी दुर्घटना? जांच में जुटी पुलिस

दीघा पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटना स्थल की घेराबंदी कर उसे पूरी तरह सुरक्षित कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पैर फिसलने से दुर्घटनावश गिरने का है या फिर उन्होंने खुदकुशी के इरादे से ऊपर से छलांग लगाई है, इन दोनों बिंदुओं पर तफ्तीश जारी है।

सच्चाई का पता लगाने के लिए अस्पताल परिसर में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस यह देख रही है कि घटना के वक्त वहां कोई और मौजूद था या नहीं। इसके साथ ही उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों और वार्ड बॉय से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक मौत की असली वजह क्या थी, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक (FSL) जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों के आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।

Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories