Bihar News: मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर इन दिनों एक बड़े कानूनी और सियासी विवाद में घिर गए हैं। पटना में उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुई हिंसक मारपीट और ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इस पूरे घटनाक्रम पर बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने खान सर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए खान सर की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए। तेज प्रताप ने उन पर सस्ती पब्लिसिटी बटोरने और राजनीति में आने की कोशिश का आरोप लगाया है।
तेज प्रताप यादव ने पब्लिसिटी स्टंट का लगाया आरोप
खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हवाई फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद तेज प्रताप यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह शिक्षक राजनीति में आना चाहता है। खुद को हाईलाइट करने के लिए ही खान सर यह सब ड्रामा रच रहे हैं।
तेज प्रताप ने कहा कि एक सच्चा शिक्षक हमेशा चुपचाप बच्चों को पढ़ाता है। वह इस तरह की घटिया मीडियाबाजी और पब्लिसिटी स्टंट कभी नहीं करता। उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने सरकार से ऐसे गंभीर मामलों में तुरंत और सख्त एक्शन लेने की मांग की है।
जानिए क्या है दोनों कोचिंग सेंटर्स का बिजनेस वॉर
पटना के मुसल्लहपुर इलाके में हुआ यह विवाद दो बड़े कोचिंग संस्थानों की आपसी व्यावसायिक रंजिश का नतीजा है। विवाद की शुरुआत २ जून की रात को हुई। तब खान सर के कोचिंग सेंटर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की थी।
घटना के तुरंत बाद खान सर ने बदमाशों द्वारा १० राउंड हवाई फायरिंग करने का दावा किया था। हालांकि, मौके पर पहुंची पटना पुलिस ने फायरिंग की बात से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद खान सर ने अपनी लिखित शिकायत में फायरिंग का कोई जिक्र नहीं किया।
सीसीटीवी वीडियो से खुला राज और पुलिस का बड़ा एक्शन
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान की तरफ से एक सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया। इस वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि खान सर के अपने ही प्राइवेट गार्ड्स वहां सरेआम हवाई फायरिंग कर रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने खान सर की कोचिंग के दो सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में ले लिया है। गलत जानकारी देने और गार्ड्स द्वारा अवैध फायरिंग करने के मामले में अब खुद खान सर को भी समन भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद सहित तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। यह पूरा मामला बाजार में अपना दबदबा बनाने की रंजिश का है। पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Author: Amit Yadav


