Sports News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में जो कारनामा विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज कप्तान नहीं कर सके, उसे 20 साल के युवा रजत पाटीदार ने सच कर दिखाया है। पाटीदार की चमत्कारी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास रच दिया है।
मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रजत पाटीदार की यह कहानी बेहद प्रेरणादायक है। साल 2022 की आईपीएल नीलामी में उन्हें किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था और वह अनसोल्ड रहे थे। इसके बाद किस्मत ने पलटी मारी और आरसीबी ने चोटिल लवनीत सिसोदिया के रिप्लेसमेंट के तौर पर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था।
उस सीजन के एलिमिनेटर मैच में लखनऊ के खिलाफ खेली गई 54 गेंदों में 112 रनों की शतकीय पारी ने पाटीदार को रातों-रात स्टार बना दिया था। साल 2025 में जब आरसीबी ने फाफ डु प्लेसिस को हटाकर रजत पाटीदार को कप्तानी सौंपी, तो हर कोई हैरान था। लेकिन रजत ने इस भरोसे को खिताबी जीत में बदल दिया।
बल्ले और कप्तानी से मैदान पर मचाया भयंकर धमाल
रजत पाटीदार ने बतौर कप्तान मोर्चे से अगुवाई की और बीते सत्र में 192.69 के तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 501 रन कूट डाले। उनकी कप्तानी में बेंगलुरु ने न सिर्फ सालों पुराना खिताबी सूखा खत्म किया, बल्कि लगातार दो ट्रॉफी अपनी झोली में डाल लीं। दबाव में शांत रहकर सही फैसले लेना उनकी सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है।
पाटीदार की बेहतरीन कप्तानी का जलवा सिर्फ आईपीएल तक ही सीमित नहीं है। घरेलू क्रिकेट में भी वह मध्य प्रदेश टीम की कमान संभाल रहे हैं। उनकी शानदार कप्तानी के दम पर ही मध्य प्रदेश की टीम साल 2024 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंची थी और उपविजेता का खिताब अपने नाम किया था।
हादसे में जान गंवाने वाले फैंस को समर्पित की ऐतिहासिक जीत
कप्तान रजत पाटीदार ने इस दूसरी खिताबी जीत को बेहद भावुक अंदाज में पिछले साल जश्न के दौरान मची भगदड़ में मारे गए 11 फैंस को समर्पित किया है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह हमेशा इस चमचमाती ट्रॉफी को उन फैंस की यादों को समर्पित करना चाहेंगे, क्योंकि उनके पास इस भावना को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।
सुरक्षा कारणों से बेंगलुरु में नहीं निकलेगा आरसीबी का विजय जुलूस
पिछले साल हुए दर्दनाक हादसे और कर्नाटक के नवनियुक्त मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के लोक भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए आरसीबी प्रबंधन ने इस बार बेंगलुरु शहर में कोई भी विजय जुलूस या रोड शो नहीं निकालने का एक बेहद जिम्मेदार और बड़ा फैसला लिया है।
बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा कारणों से किसी भी प्रकार के सार्वजनिक समारोह की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी। प्रशंसक अपने घरों के अंदर ही जश्न मना सकते हैं। पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने 32 मैचों में से 22 में शानदार जीत दर्ज की है।
Author: Prem Sharma


