Uttar Pradesh News: लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहराइच रोड पर ऊंच गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी मैजिक वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में घटनास्थल पर ही लगभग 8 लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मजदूरी के लिए जा रहे थे सभी 12 श्रमिक
मैजिक वैन में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें 8 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं। ये सभी श्रमिक मजदूरी का काम करते थे और रोजमर्रा की तरह काम पर लखीमपुर खीरी की ओर जा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने इन श्रमिकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। बाकी चार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मैजिक वैन के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। पुलिस टीम क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर जताया गहरा शोक
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित जिला अधिकारियों को तुरंत फोन करके घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रशासन मृतकों की पहचान करने में जुटा है, ताकि उनके परिजनों को समय रहते इस दुखद घटना की सूचना दी जा सके।
Author: Ajay Mishra

