Himachal Pradesh News: जोगिंद्रनगर में निकाय चुनाव के नतीजों के बाद खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। जीत का जश्न मना रहे समर्थकों की भीड़ के बीच एक आक्रामक आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में सात लोग घायल हुए हैं और मौके पर काफी देर तक भगदड़ का माहौल बना रहा।
विजय जुलूस के दौरान सांड का खौफनाक हमला
जोगिंद्रनगर में निकाय चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान पुलिस थाना के पास राजकीय बाल पाठशाला के सामने सांड ने भीड़ को देखकर अपना आपा खो दिया। सांड ने अचानक लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
सांड के हमले की चपेट में आकर स्थानीय निवासी राज सहित कुल सात लोग घायल हो गए। गनीमत यह रही कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। सांड के आक्रामक तेवर देखकर वहां से गुजर रहे चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी, पुलिस कर्मी और मीडिया वाले भी अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।
प्रशासन से आवारा पशुओं पर कार्रवाई की मांग
घटनास्थल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सांड भीड़ को रौंदते हुए निकल रहा है और लोग इधर-उधर भाग रहे हैं। सांड के हमले के बाद मतगणना स्थल के आसपास के पूरे इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल छाया रहा।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गुस्साए लोगों ने नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन से शहर में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हादसा बड़ा हो सकता है।
Author: Sunita Gupta

