Himachal Pradesh News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर की सुजानपुर नगर परिषद के नतीजों ने सबको चौंका दिया है। यहां के सबसे चर्चित वार्ड नंबर दो में कांग्रेस के कद्दावर नेता मनोज ठाकुर चुनाव हार गए हैं। इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
लाख कोशिशों के बाद भी दो बार के अध्यक्ष हारे
सुजानपुर के वरिष्ठ नेता मनोज ठाकुर ने नामांकन विवाद के बीच साढ़े 11 लाख रुपये का बैंक लोन एकमुश्त चुकाया था। इसके बाद वह चुनावी मैदान में उतरे थे। लंबे समय से दो बार नगर परिषद के अध्यक्ष रहे मनोज ठाकुर को निर्दलीय मनीष गुप्ता ने हरा दिया।
मनीष गुप्ता ने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज ठाकुर को 177 मतों के बड़े अंतर से करारी मात दी। हालांकि वार्ड नंबर तीन से मनोज ठाकुर की बहू ज्योतिका ठाकुर ने 149 वोटों से शानदार जीत हासिल की। ज्योतिका की इस बड़ी जीत ने उनके ससुर के चुनावी दुख को थोड़ा कम कर दिया।
निर्वाचन अधिकारी विकास शुक्ला के अनुसार वार्ड नंबर 1 से बलविंदर सिंह और वार्ड 4 से विनय कुमार जीते हैं। वहीं वार्ड 5 से शिवानी ठाकुर, वार्ड 6 से प्रोमिला देवी, वार्ड 7 से नीलम धीमान, वार्ड 8 से वीना देवी और वार्ड 9 से मीनाक्षी विजयी रहीं।
सुजानपुर में निर्दलीय बने किंगमेकर, आजाद उम्मीदवारों के हाथ चाबी
सुजानपुर नगर परिषद के सभी 9 वार्डों के चुनावी नतीजों ने राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है। इस स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी केवल दो सीटों पर सिमट कर रह गई। वहीं विपक्षी दल भाजपा भी यहां केवल तीन सीटों पर ही कब्जा करने में कामयाब रही।
इस चुनाव में चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसके कारण सुजानपुर नगर परिषद में अब सत्ता की असली चाबी आजाद पार्षदों के हाथों में आ गई है। निर्दलीय प्रत्याशी मनीष कुमार गुप्ता ने अपनी इस बड़ी जीत का पूरा श्रेय स्थानीय जनता को दिया है।
Author: Sunita Gupta

