Himachal Pradesh News: सोलन जिले के नालागढ़ स्थित किशनपुरा उप-जेल में सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक का मामला सामने आया है। यहां 16 मई को पांच कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात वार्डर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में वार्डर के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल वार्डर रोहित कुमार की शिकायत के बाद जेल प्रशासन तुरंत हरकत में आया है। रोहित कुमार मंडी जिले के थाची गांव के रहने वाले हैं। वह जेल परिसर के भीतर अपनी नियमित निगरानी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक ही बैरक के पांच कैदियों ने अचानक उन पर धावा बोल दिया।
बचाने आए हवलदार को भी बेरहमी से पीटा
रोहित कुमार की चीख-पुकार सुनकर हवलदार नंद लाल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर वार्डर को बचाने की कोशिश की। लेकिन हिंसक हो चुके कैदियों ने हवलदार को भी नहीं बख्शा। कैदियों ने हवलदार नंद लाल की भी बेरहमी से पिटाई कर दी जिससे वह लहूलुहान हो गए।
जेल के अंदर दो सुरक्षाकर्मियों पर एक साथ हुए इस हमले से परिसर में हड़कंप मच गया। बैरक से आ रही आवाजें सुनकर बाकी जेल स्टाफ तुरंत मौके पर भागा। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आक्रामक कैदियों को काबू में किया। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ सकी।
इन 5 कैदियों पर दर्ज हुआ केस
जेल प्रशासन ने हमलावर कैदियों की पहचान कर ली है। इन आरोपियों में सूर्यतेज, दीपक, सुनील, गुरचरण और गगन शामिल हैं। ये सभी आरोपी उप-जेल की एक ही बैरक में बंद हैं। घायल सुरक्षाकर्मियों को जेल के अंदर ही तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया है।
वार्डर रोहित कुमार के मुताबिक कैदियों ने न केवल सरकारी काम में बाधा डाली बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। मानपुरा थाना पुलिस ने पांचों कैदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जेल अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Raj Thakur


