कैंची धाम मेला: बाबा नीब करौरी के दर पर एआई कैमरों का पहरा, अब तकनीक से होगी लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा

Nainital News: विश्व विख्यात बाबा नीब करौरी के धाम कैंची में आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते। मेले में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए इस बार पहली बार अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का सहारा लिया जा रहा है।

एआई कैमरे रखेंगे पल-पल का हिसाब

कैंची धाम मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस इस बार स्मार्ट कैमरों का जाल बिछाने जा रही है। ये एआई बेस्ड कैमरे न केवल भीड़ का प्रबंधन करेंगे, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में भी सक्षम होंगे। मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार पर विशेष ‘पीपल हेड काउंट’ कैमरे लगाए जाएंगे। इनसे कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी रीयल-टाइम में यह जान सकेंगे कि कितने श्रद्धालु मंदिर के भीतर हैं और कितने बाहर जा चुके हैं।

ट्रैफिक और पार्किंग के लिए एएनपीआर तकनीक

मेले के दौरान भवाली-हल्द्वानी मार्ग पर अक्सर लगने वाले जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने खास योजना बनाई है। एसपी संचार रेवाधर मठपाल के अनुसार, क्षेत्र के 12 महत्वपूर्ण स्थानों जैसे रूसी बैंड, नैनी बैंड और तल्लीताल डांठ पर ‘ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन’ (एएनपीआर) कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखेंगे और जाम की स्थिति को रोकने में मदद करेंगे।

पार्किंग फुल होने पर तुरंत मिलेगा अलर्ट

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कैंची धाम, निगल्टा और नैनीताल की विभिन्न पार्किंग साइट्स पर वायरलेस आईपी बेस्ड पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। जैसे ही किसी क्षेत्र की पार्किंग फुल होगी, पुलिस कंट्रोल रूम से सीधे लाउडस्पीकर के जरिए इसकी घोषणा कर दी जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी और वे वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का चयन समय रहते कर सकेंगे।

देश-विदेश से पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु

हर साल 15 जून को आयोजित होने वाले इस मेले में देश के कोने-कोने के साथ-साथ विदेशों से भी भारी संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए नैनीताल पहुंचते हैं। सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है और जल्द ही पुलिस के दो हाई-टेक कंट्रोल रूम भी काम करना शुरू कर देंगे। प्रशासन का लक्ष्य मेले की शुरुआत से पहले इस संपूर्ण डिजिटल सुरक्षा चक्र को पूरी तरह सक्रिय करना है।

Hot this week

Related News

Popular Categories