गंगा एक्सप्रेसवे पर कार से सफर करना होगा महंगा, जानिए अब मेरठ से प्रयागराज तक कितना कटेगा टोल

Uttar Pradesh News: प्रदेश की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए एक जरूरी अपडेट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 29 अप्रैल को इसका उद्घाटन कर दिया है। इसके साथ ही रात 12 बजे से इस पर टोल वसूली शुरू हो जाएगी। यूपीडा के चीफ इंजीनियर ने बताया कि सभी टोल प्लाजा पूरी तरह तैयार हैं।

टोल की पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक होगी। यह आपके फास्टैग से जुड़ी रहेगी। आप जितनी दूरी तय करेंगे, टोल उसी हिसाब से कटेगा। शुरुआती दिनों में यात्रियों को टोल दरों पर राहत मिलने की भी उम्मीद है। अधिकारियों ने कुछ समय के लिए रियायत देने के संकेत दिए हैं ।

गंगा एक्सप्रेसवे की टोल दरें: वाहन श्रेणी के अनुसार

यूपीडा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई दरें जारी कर दी हैं। सबसे कम टोल दो पहिया वाहनों और ट्रैक्टर के लिए है। इन्हें मात्र 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर चुकाना होगा। कार, जीप और हल्के वाहनों के लिए यह दर 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर तय की गई है ।

हल्के कमर्शियल वाहनों और मिनी बसों पर 4.05 रुपये प्रति किमी का टोल लगेगा। वहीं बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए 8.20 रुपये प्रति किलोमीटर की दर रखी गई है। मल्टीएक्सल और भारी मशीनरी वाले वाहनों को 12.60 रुपये प्रति किमी चुकाना पड़ेगा । सात या अधिक एक्सल वाले बड़े वाहनों के लिए सबसे ज्यादा 16.10 रुपये प्रति किमी की दर तय की गई है ।

मेरठ से प्रयागराज तक का अनुमानित टोल

अगर आप कार से पूरे एक्सप्रेसवे का सफर करते हैं, तो जेब ढीली हो सकती है। 594 किलोमीटर की दूरी के हिसाब से आपको लगभग 1,500 से 1,515 रुपये का भुगतान करना पड़ सकता है । यह एक तरफ का अनुमानित किराया है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि ट्रैफिक बढ़ाने के लिए पहले कुछ दिनों में 25 से 30 प्रतिशत तक की छूट दी जा सकती है ।

हरदोई में भव्य समारोह, पीएम ने दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह करीब 11:15 बजे हरदोई के मल्लावां कस्बे में पहुंचे । यहां उन्होंने 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान पीएम ने यूपीडा की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर करीब 12:55 बजे उनका वापसी का कार्यक्रम है ।

12 जिलों की बदलेगी किस्मत, घटेगा सफर का समय

यह हाई-स्पीड कॉरिडोर 12 जिलों से होकर गुजरता है। इनमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल और बदायूं शामिल हैं। इसके अलावा शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज भी इससे जुड़ गए हैं । इसके चालू होने से मेरठ से प्रयागराज का सफर अब 12 घंटे से घटकर मात्र 6 से 7 घंटे रह जाएगा ।

गंगा एक्सप्रेसवे की तकनीकी खासियतें

एक्सप्रेसवे की डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर तैयार किया गया है। फिलहाल यह 6 लेन का है, लेकिन भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे 8 लेन तक चौड़ा किया जा सकता है । सुरक्षा के लिहाज से भी यह काफी आधुनिक है। इस पर हर 50 से 55 किलोमीटर पर फूड प्लाजा और शौचालय जैसी सुविधाएं बनाई गई हैं ।

सबसे खास बात यह है कि शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी आपातकालीन हवाई पट्टी भी बनाई गई है । इसका इस्तेमाल वायुसेना के लड़ाकू विमान आपात स्थिति में कर सकते हैं। इस परियोजना से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि माल ढुलाई सस्ती होने से किसानों और व्यापारियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा ।

Hot this week

Related News

Popular Categories